इटारसी। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रोजगार कार्यालय नर्मदापुरम के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य एवं करियर काउंसलिंग पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई।
प्राचार्य आरके चोलकर, श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी व पल्लवी नरवरे के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थी शामिल हुए।
लक्ष्य निर्धारण व रोजगार के उपाय
मुख्य वक्ता अस्मिता सोनी ने छात्रों को करियर के स्पष्ट लक्ष्य तय करने, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और सॉफ्ट व भाषा स्किल्स विकसित करने पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
मोबाइल के दुष्परिणामों से किया आगाह
मनोवैज्ञानिक विशेषज्ञ श्वेता चौबे ने छात्रों को ‘ए.बीसी’ (हमेशा अपने लिए सचेत रहें और खुद पर ध्यान दें) का मंत्र दिया। उन्होंने मोबाइल गेमिंग से होने वाले नुकसान बताए और अच्छे संस्कार अपनाने पर जोर दिया। वहीं, काउंसलिंग विशेषज्ञ जितेन्द्र राजपूत ने 5-6 घंटे नियमित अध्ययन की नसीहत देते हुए कहा कि आज की मेहनत भविष्य के कड़े संघर्ष से बचाएगी। कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी पल्लवी नरवरे ने सभी विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया।











