इटारसी। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय, सुखतवा में तीन दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन एक कार्यशाला का आयोजन किया। मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन पर केंद्रित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत और वरिष्ठ समाजसेवी अशोक साहू ने किया, जिसमें खेल एवं युवक कल्याण विभाग की कॉर्डिनेटर श्रीमती आरती शर्मा भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम की शुरुआत क्रीड़ा अधिकारी डॉ. राधा आशीष पांडे ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की और सभी को स्वस्थ और फिट रहने की शपथ दिलाई।
वक्ताओं ने खेलों के महत्व पर अपने विचार साझा किए। श्रीमती आरती शर्मा ने विद्यार्थियों को इस वर्ष की थीम ‘एक घंटा खेल के मैदान पर’ को अपनाने की सलाह दी, जबकि अशोक साहू ने सभी को मैदान से जुडऩे के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन एक घंटा मैदान में बिताना आवश्यक है। डॉ. राधा आशीष पांडे ने आत्मरक्षा और पुराने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला, यह बताते हुए कि पुराने खेल कम पैसे और कम जगह में भी खेले जा सकते हैं।
कार्यशाला के बाद, महाविद्यालय परिसर में कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें पासिंग द बॉल और कुर्सी दौड़ शामिल थे। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
कुर्सी दौड़ में विजेताओं की सूची
- छात्राओं में प्रथम स्थान स्नेहा मांडवी, द्वितीय सुमन नामदेव और तृतीय मोनिका बामने ने प्राप्त किया।
- छात्रों में राजेंद्र ने प्रथम, संकेत ने द्वितीय और वेदांत ने तृतीय स्थान हासिल किया।
- पासिंग द बॉल : सिया मर्सकोले की टीम ने प्रथम और मोनिका बामने की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राधा आशीष पांडे ने किया और अंत में डॉ. सतीश ठाकरे ने आभार व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे यह आयोजन सफल रहा।








