इटारसी। आज शासकीय कन्या महाविद्यालय (Government Girls College) में प्राचार्य के निर्देशानुसार प्राणीशास्त्र विभाग, एनसीसी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर एक कार्यशाला, पर्यावरण संरक्षण हेतु लोगों को जागरूक करने के लिए छात्राओं द्वारा पोस्टर निर्माण एवं प्राचार्य, स्टाफ एवं छात्राओं द्वारा वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आरएस मेहरा (Dr. RS Mehra) ने बताया कि इसका पर्यावरण दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूकता और क्रियाशीलता के लिए देश भर के लाखों लोगों को एकजुट करता तथा जनसामान्य को पर्यावरण के महत्त्व से परिचित कराकर, इसके संरक्षण का प्रयास करना है। प्राणीशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजय आर्य (Sanjay Arya) ने बताया कि इस वर्ष 2023 की थीम प्लास्टिक प्रदूषण का समाधान है। इस वर्ष की थीम लोगों को प्लास्टिक के उपयोग को छोडऩे के लिए प्रोत्साहित करने और इसे पर्यावरणीय गिरावट के स्रोत के रूप में पहचानने पर केंद्रित है।

बताया कि पर्यावरण पर मनुष्य ही नहीं, बल्कि सभी जीव-जंतु, पेड़-पौधे, प्राकृतिक वनस्पतियां आदि पूरी तरह निर्भर हैं। पर्यावरण के बिना जीवन की कल्पना ही नहीं की जा सकती हैं, क्योंकि पर्यावरण ही पृथ्वी पर एक मात्र जीवन के आस्तित्व का आधार है। पर्यावरण, हमें स्वस्थ जीवन जीने के लिए शुद्ध, जल, शुद्ध वायु, शुद्ध भोजन उपलब्ध करवाता है। डॉ. शिरीष परसाई (Dr. Shirish Parsai) ने कहा कि आधुनिक मानव जीवन के विकास के लिए आवश्यक ऊर्जा की पूर्ति करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि पर्यावरण पर हानिकारक प्रभाव ना हो।
अक्षय ऊर्जा का अधिक से अधिक उपयोग विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करता है। अंत मे डॉ. संजय आर्य द्वारा सभी छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मंजरी अवस्थी, स्नेहांशु सिंह, एनसीसी अधिकारी पूनम साहू, एनएसएस अधिकारी डॉ. शिखा गुप्ता, डॉ. नेहा सिकरवार, डॉ. श्रद्धा जैन एवं छात्राएं उपस्थित थीं।