इटारसी। सावन माह में नाग पंचमी के पावन पर्व पर शहर के नई गरीबी लाइन क्षेत्र में कुश्ती के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पिछले तीन पीढिय़ों से मोहल्ले में संचालित पंचशील व्यायाम शाला के तत्वावधान में सोमवार को कुश्ती दंगल का शानदार आयोजन किया। दोपहर 12 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में पहलवानों ने अपने कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया।
हनुमान जी की पूजा से हुआ शुभारंभ
कुश्ती के मुकाबलों की शुरुआत से पूर्व, अखाड़े में भगवान हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात अलग-अलग आयु वर्ग के लगभग 18 से 20 पहलवानों की जोडिय़ों ने अखाड़े में उतरकर कुश्ती के एक से बढ़कर एक दांव-पेंच आजमाए। एक दर्जन से अधिक पहलवानों ने अपने दमखम और फुर्ती से कुश्ती का मैदान जीत लिया, जिसे देखकर वहां मौजूद दर्शकों ने जमकर उत्साहवर्धन किया।
विजेता पहलवानों का हुआ सम्मान
कुश्ती के इस आयोजन में उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने वाले और विजेता रहे पहलवानों को पंचशील व्यायाम शाला समिति की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस आयोजन ने युवाओं में कुश्ती जैसी पारंपरिक खेल विधा के प्रति उत्साह जगाने का काम किया।
इस पूरे आयोजन में पंचशील व्यायाम शाला के पहलवान एवं पूर्व सभापति व पार्षद रजनीकांत सोनकर और बल्ला पहलवान विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम में इनके अलावा धर्मेंद्र बंटी यादव, तन्ना कदम, जगदीश कुचबंदिया, ननकू सोनकर, कैलाश रैकवार अन्ना पहलवान सहित व्यायाम शाला के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।











