इटारसी। जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव एडवोकेट मधुसूदन यादव ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत ‘गुड्डन’ पांडेय को सौंपा है, जिसकी प्रतिलिपि प्रदेश संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले को भी सूचनार्थ भेजी गई है।
यादव ने अपने त्यागपत्र में बताया कि 30 सितंबर 2026 को उन्हें माइनर पैरालिटिक स्ट्रोक आया था। 2 अक्टूबर को उन्हें भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। 4 अक्टूबर को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है, लेकिन उनका इलाज अभी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा, स्वास्थ्य कारणों से मैं जिला संगठन महासचिव पद के महत्वपूर्ण दायित्व को निभाने में असमर्थ हूं। इसलिए मेरा त्यागपत्र स्वीकार किया जाए। मैं जीवनपर्यंत पार्टी की विचारधारा से जुड़ा रहूंगा। यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले स्नेह और सम्मान के लिए भी आभार व्यक्त किया।











