- कुकरू की ‘रात्रि चौपाल’ में ग्रामीणों के बीच बैठे मुख्यमंत्री
- श्री अन्न का लिया स्वाद और विकास कार्यों की दी सौगात
बैतूल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल प्रवास के दौरान प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में ‘रात्रि चौपाल’ लगाई। ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा की कि मध्य प्रदेश सरकार वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है।
सरकार का उद्देश्य समृद्ध खेती के साथ-साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके लिए ‘मुख्यमंत्री डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना’ के तहत पात्र हितग्राहियों को 25 भैंस या 25 गायों के लिए 40 लाख रुपए तक की ऋण सहायता दी जाएगी, जिसमें 10 लाख रुपए का वहन सीधे सरकार करेगी। इसके अलावा कोदो-कुटकी (श्री अन्न) की खरीदी भी समर्थन मूल्य पर निरंतर जारी रहेगी।
‘जनता को कोई परेशान करे तो सीधे मुझे बताएं’
कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव बिल्कुल साधारण तरीके से ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे और उनका हालचाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए ग्रामीणों से कहा, “यदि पटवारी, थानेदार या कोई भी अधिकारी आपको परेशान करता है, तो बिना किसी संकोच के मुझे अवगत कराएं। हमारी सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
चौपाल में ग्रामीण परिवेश पूरी तरह आत्मीयता के रंग में डूबा नजर आया। स्थानीय कोरकू भाषा के पारंपरिक गीतों के जवाब में मुख्यमंत्री ने भी “गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो” भजन सुनाकर सबका मन मोह लिया। इस दौरान ग्राम की श्रीमती शिपा शनवारे ने मुख्यमंत्री को राखी बांधकर भाई का स्नेह दिया, वहीं मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारा।
महिला सशक्तिकरण और लखपति दीदी
चौपाल में आजीविका मिशन की महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि ग्राम में कृषि सखी, जेंडर सखी, बकरी, भैंस और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियों से जुड़कर कई महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना और किसान सम्मान निधि का लाभ प्रदेश के 79 लाख किसानों को मिल रहा है, उसकी समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र किसान ई-केवाईसी की कमी के कारण सम्मान निधि से वंचित न रहे।
कुकरू को मिलीं ये बड़ी सौगातें
- पेयजल संकट का स्थायी समाधान: तालाब निर्माण के निर्देश।
- शिक्षा व अधोसंरचना: बालिका छात्रावास की स्वीकृति, जामूखेड़ी मार्ग और बुंदियाखुर्द पुलिया निर्माण को मंजूरी।
- रोजगार के अवसर: महिला स्वयं सहायता समूहों को सूक्ष्म व लघु उद्योगों से जोड़ने तथा कोदो-कुटकी प्रसंस्करण यूनिट के लिए ऋण सहायता के निर्देश।
- तत्काल मदद: दिव्यांग ठकिया गायन की मांग पर उन्हें तत्काल ट्राइसिकल देने और स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश।
कुप्रथाओं को छोड़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक सुधार पर जोर देते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे शादियों में होने वाले अनावश्यक खर्चों को रोकें और सामूहिक विवाह को बढ़ावा दें। साथ ही उन्होंने समाज से ‘मृत्यु भोज’ जैसी कुप्रथाओं को भी पूरी तरह से हतोत्साहित करने की बात कही।
प्रधानमंत्री आवास में चखा ‘श्री अन्न’ का स्वाद

चौपाल के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुकरू के ग्रामीण श्री शानु मंगल भुसुमकर के निवास पर रात्रि भोजन किया। वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी बने शानु के पक्के मकान में मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ बैठकर बेहद आत्मीय माहौल में ‘श्री अन्न’ (मिलेट्स) से बने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया और स्थानीय संस्कृति की सराहना की।
इस पूरे आयोजन के दौरान केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्वागत में जनजातीय दलों द्वारा गंदलो सुसुम कोरकू और होलेरा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं।











