इटारसी। मध्यप्रदेश के पांच जिलों में मौसम विभाग ने शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 25 नवंबर के बाद कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार हैं। मध्यप्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस खजुराहो में दर्ज किया गया। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी का तापमान भी 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
हिमालय पर बर्फबारी और उत्तरी हवा के कारण मध्यप्रदेश के मौसम में ठंडक घुल गई है। पिछले चौबीस घंटों में मध्यप्रदेश के जबलपुर, मलाजखंड, खरगौन, खजुराहो, नौगांव व बैतूल में शीतलहर का प्रभाव रहा। आगामी चौबीस घंटों में बैतूल, खरगौन, सिवनी, छतरपुर व जबलपुर के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में शीतलहर का येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इसके साथ ही अगले सप्ताह से तापमान में भारी गिरावट के साथ ठंड बढऩे का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि ठंडी हवाएं ठंड बढ़ा सकती हैं। ठंड सहनीय तो होगी लेकिन कमजोर लोगों के लिए हल्के स्वास्थ्य की चिंता है। शिशुओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारी वालों को इस मौसम में सजग रहने की जरूरत है।
ये करें इस मौसम में
अधिक समय तक ठंड के संपर्क में रहने से बचें, ढीली, हल्के वजन, कई सतहों वाले गर्म ऊनी कपड़े पहनें, सिर, गर्दन, हाथों को अच्छे से ढंककर रखें।