इटारसी। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज इटारसी में भारतीय संस्कृति ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देते हुए, प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय गायत्री परिवार, शाखा नर्मदापुरम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का विषय ‘युवा उन्नयन’ रखा गया था, जिसका उद्देश्य छात्रों को उनके दैनिक कार्य, समय प्रबंधन और गतिविधियों के प्रभावी प्रबंधन हेतु मार्गदर्शन देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ और मार्गदर्शन कार्यशाला का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रथम वर्ष के युवाओं को जीवन प्रबंधन के लिए विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया। बृजेश कुमार पटेल (युवा प्रकोष्ठ जिला समन्वयक, नर्मदापुरम) और श्रीमती मृदुला चौधरी (गायत्री परिवार ट्रस्टी, इटारसी) ने विद्यार्थियों को अपनी दिनचर्या में गायत्री मंत्र के महत्व, माता-पिता एवं गुरु के प्रति आदर सम्मान, और जीवन में योग, ध्यान, साधना एवं संकल्प को शामिल करने के संबंध में गहन जानकारी दी।
प्रेरक उद्बोधन और संकल्प
संस्था से विभागाध्यक्ष श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से अपने लक्ष्यों और कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में, प्राचार्य आर चोलकर द्वारा सभी शिक्षकों एवं 110 से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ संकल्प पत्र का वाचन किया गया, जिसमें छात्रों ने बेहतर भविष्य हेतु प्रतिबद्धता जाहिर की। इस अवसर पर कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष पल्लवी नरवरे, इति महालहा, हेमलता शुक्ला, अनीता वर्मा, आशीष चौरे, आदर्श बनवांशी सहित 110 से भी अधिक छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए। संचालन संस्था से शिवांगी मालवीय द्वारा कविता के माध्यम से प्रभावी ढंग से किया ।








