इटारसी। शहर के रेलवे स्टेशन के सामने रविवार को कपड़ा विक्रेता युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कपड़ों के मोल-भाव को लेकर हुए विवाद के बाद दो युवकों ने कपड़ा विक्रेता पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है।
चाकू से हमला – क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अशरफ खान रेलवे स्टेशन के सामने रविवार बाजार/पटरी पर कपड़े की दुकान लगाता है। पीड़ित ने बताया कि दो युवक उसकी दुकान पर जींस खरीदने आए थे। कपड़ों के दाम और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ। थोड़ी देर बाद दोनों युवक वापस आए और उन्होंने अशरफ पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू अशरफ की जांघ (पैर) में लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
पुलिस अधिकारी का बयान मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी सौरभ पांडे ने बताया कि “रविवार का दिन होने के कारण स्टेशन के सामने स्थानीय लोग कपड़े आदि की दुकानें लगाते हैं। अशरफ खान की दुकान पर शुभम तिवारी और रामू नाम के दो व्यक्ति कपड़े खरीदने पहुंचे थे। मोल-भाव को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी वहां से चले गए। थोड़ी देर बाद वे पुनः आए और अशरफ पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई है और टांके लगे हैं।”
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश व मामले की आगे की विवेचना जारी है।


























