इटारसी। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, इटारसी में आगामी ‘युवा सम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर विद्यार्थियों के लिए एक विशेष मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सम्मेलन के लक्ष्यों से अवगत कराना और राष्ट्र निर्माण में उनकी अहम भूमिका को स्पष्ट करना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की और युवा सम्मेलन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
अनुशासन और नेतृत्व क्षमता पर वक्ताओं ने दिया जोर
कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष निर्मल सिंह राजपूत एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक जितेंद्र भाई ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि युवा इस देश की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण शक्ति हैं। किसी भी राष्ट्र और समाज की प्रगति युवाओं के कौशल, व्यक्तित्व और उनके सकारात्मक विचारों पर ही निर्भर करती है। दोनों वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने जीवन में अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित की भावना को आत्मसात कर आगे बढ़ें।
12 सितंबर को ऑडिटोरियम में होगा महासम्मेलन
महाविद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों में नई ऊर्जा का संचार किया। प्राचार्य आरके चोलकर और विभागाध्यक्ष श्रीमती विद्यावती सूर्यवंशी, पल्लवी नरवरे एवं पल्लवी शर्मा ने विद्यार्थियों को इस महत्वपूर्ण आयोजन का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी छात्रों से विशेष आह्वान किया कि वे 12 सितम्बर शनिवार को इटारसी के ऑडिटोरियम में होने वाले विशाल ‘युवा सम्मेलन’ में बड़ी संख्या में पहुंचें और अपनी सामाजिक जिम्मेदारी व अनुशासन का परिचय देते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं।










