इटारसी। इटारसी थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के सामने पोहा-जलेबी की दुकान के पास एक युवक के साथ गाली-गलौज, बेसबॉल के डंडे से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर एक ट्रेन सुपरवाइजर और उसके दो साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 बंगला चेतन नगर निवासी 38 वर्षीय शेख जावेद पिता शेख बशीर ने इटारसी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 26 सितंबर की तड़के सुबह 4 बजे की है, जब फरियादी रेलवे स्टेशन के सामने पोहा-जलेबी की दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान एक ट्रेन सुपरवाइजर और उसके दो साथी वहां पहुंचे।
उन्होंने बिना किसी उकसावे के शेख जावेद को गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने बेसबॉल के डंडे और लात-घूंसों से उस पर हमला कर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। शाम को फरियादी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इटारसी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।










