रितेश राठौर केसला। थाना क्षेत्र के ग्राम डांडीवाड़ा में छोटे तालाब के पास एक युवक पर चार लोगों द्वारा मारपीट एवं चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित अरुण पिता विष्णु, निवासी डांडीवाड़ा के साथ रविवार रात करीब 10 बजे गांव के छोटे तालाब के पास विवाद के बाद मारपीट की गई। आरोप है कि चार लोगों ने मिलकर युवक के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने सूर्या चौहान निवासी चकपुरा, गुरुदेव कोरकू निवासी बड़चापड़ा, आशीष बारस्कर निवासी सेमलपुरा, शाहपुर सहित एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया है।
घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।











