- राहुल गांधी की गिरफ्तारी और नीट पेपर लीक के विरोध में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े कांग्रेसी
इटारसी। नीट (NEET) परीक्षा धांधली और दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में आज शहर का जयस्तंभ चौक सियासी संग्राम का मैदान बन गया। युवा कांग्रेस (युकां) के कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सुरक्षा घेरे की धज्जियां उड़ाते हुए मुख्य मार्ग पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर दिया।
इस दौरान पुलिस प्रशासन की लाचारी का आलम यह रहा कि सुरक्षाकर्मी तमाशबीन बने देखते रहे और कार्यकर्ता सरेआम नारेबाजी करते हुए पुतला फूंकने में कामयाब हो गए।
हाई-ड्रामा: बाल्टी छीनकर सड़क पर उडेला पानी
युवा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मयूर जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता स्थानीय जयस्तंभ चौक पर एकत्र हुए थे। पुलिस की नजरों से बचकर कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन स्थल से कुछ ही दूरी पर अचानक पीएम मोदी का पुतला निकाला और उसमें आग लगा दी।
पुतला जलता देख एक पुलिस कांस्टेबल हड़बड़ाहट में बाल्टी में पानी भरकर उसे बुझाने दौड़ा। लेकिन युकां कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी के आगे पुलिस बेबस दिखी। एक कार्यकर्ता ने कांस्टेबल के हाथ से पानी की बाल्टी ही छीनकर पूरा पानी सड़क पर बहा दिया और खाकी मूकदर्शक बनकर जलती आग को देखती रह गई।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेता सौम्या दुबे और मयूर जायसवाल ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देशभर में लाखों नीट परीक्षार्थियों के साथ अन्याय हुआ है। जब इस भ्रष्टाचार के खिलाफ राहुल गांधी प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाता है। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि नीट घोटाले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफा दें।
पुलिसिया चौकसी पर उठे 3 बड़े सवाल
- वरिष्ठ अधिकारी रहे नदारद: इतने संवेदनशील प्रदर्शन के बावजूद मौके पर कोई बड़ा पुलिस अफसर मौजूद नहीं था। पूरी व्यवस्था महज कुछ पुलिसकर्मियों के भरोसे छोड़ दी गई थी।
- पुलिस का सुस्त रवैया: अमूमन पुतला छीनने के लिए आक्रामक और मुस्तैद दिखने वाली पुलिस आज पूरी तरह ढीली और बेबस नजर आई।
- सुरक्षा में भारी चूक: शहर के व्यस्त जयस्तंभ चौक के मुख्य मार्ग पर पुलिस की आंखों में धूल झोंककर पुतला जला दिया गया और प्रशासन रोक नहीं पाया।
प्रदर्शन में ये दिग्गज रहे मौजूद
इस उग्र विरोध प्रदर्शन में अजय मिश्रा टप्पू , किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, ओम सेन, पार्षद दिलीप गोस्वामी, सोनू बकोरिया, पप्पी करोसिया, बिट्टू तिवारी और कन्हैया लाल बामने समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और जिला कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल रहे।










