इटारसी। शहर की बुनियादी समस्याओं के निराकरण और जन-संवाद को मजबूत करने के लिए युवा कांग्रेस एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। मयूर जायसवाल के नेतृत्व में वार्ड-वार्ड चलो अभियान की शुरुआत आगामी सोमवार से शहर के वार्ड क्रमांक 1 से की जाएगी।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को जानकारी उनको नगर पालिका के समक्ष रखकर समाधान कराना है। मयूर जायसवाल ने बताया कि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रतिदिन एक वार्ड का दौरा करेंगे। इस दौरान घर-घर जाकर नागरिकों से मुलाकात की जाएगी और उनकी मूलभूत समस्याओं जैसे पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़कों की बदहाली पर चर्चा की जाएगी।
अभियान के दौरान संकलित की गई समस्याओं को दस्तावेजी रूप देकर नगर पालिका इटारसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। युवा कांग्रेस का लक्ष्य है कि न केवल समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाया जाए, बल्कि उनका त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित कराया जाए। वार्ड-1 से शुरू होकर यह कारवां शहर के सभी वार्डों तक पहुंचेगा, ताकि शहर के अंतिम व्यक्ति की आवाज को बुलंद किया जा सके।










