इटारसी। युवा कांग्रेस द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास और जन समस्याओं के निराकरण के लिए चलाया जा रहा वार्ड-वार्ड चलो अभियान मंगलवार को वार्ड 6 पहुंचा। मयूर जायसवाल के नेतृत्व में निकले इस अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को संकलित किया।
शिकायत पत्र भरवाकर दर्ज कीं समस्याएं
अभियान के दौरान युवा कांग्रेस की टीम ने वार्डवासियों से चर्चा कर एक विस्तृत सर्वे किया, जिसमें आमजन से शिकायत पत्र भरवाए गए। स्थानीय निवासियों ने मुख्य रूप से नियमित साफ-सफाई न होने और पेयजल आपूर्ति में आ रही बाधाओं को लेकर अपनी चिंताएं जाहिर कीं। कार्यकर्ताओं ने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और इन मूलभूत समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
अभियान के दौरान मयूर जायसवाल ने कहा कि वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी शासित नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर जनता में भारी रोष है। मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण वार्डवासी परेशान हैं, लेकिन प्रशासन मौन साधे हुए है। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है, जो बदलाव का संकेत है।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष सौम्य दुबे, जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोल्डी बैस, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजकुमार केलु उपाध्याय, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष विजय बाबू चौधरी, पूर्व नगर कांग्रेस अध्यक्ष पंकज राठौर, पूर्व पार्षद कैलाश चौरसिया, प्रतीक मालवीय, विशाल बड़कुर, विक्रमादित्य तिवारी, प्रणय मिश्रा, समीर परते, राहिल बड़कुर, लक्ष्य जायसवाल, अक्षत जायसवाल, आदित्य चौधरी और सचिन मेहरा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।










