---Advertisement---

युवा कांग्रेस का ‘वार्ड-वार्ड चलो अभियान’ आज से, जनसमस्याओं को लेकर मयूर जैसवाल ने भरी हुंकार

By
On:
Follow Us

इटारसी। शहर की चरमराती व्यवस्थाओं और नागरिक समस्याओं को लेकर अब युवा कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्व कांग्रेस नगर अध्यक्ष मयूर जैसवाल के नेतृत्व में कल 22 मार्च से वार्ड-वार्ड चलो अभियान का शंखनाद किया जाएगा। शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस अभियान की रूपरेखा साझा की गई, जिसमें युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता देखने को मिली।

वार्डों में होगा समस्याओं का संकलन

अभियान की जानकारी देते हुए मयूर जैसवाल ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के सभी 34 वार्डों में जाकर जनता की शिकायतें दर्ज करेंगे। इसके लिए एक विशेष शिकायत पत्र तैयार किया है, जिसमें मुख्य रूप से पेयजल संकट जैसे गंदा पानी, कम प्रेशर और अनियमित आपूर्ति, स्वच्छता जैसे कचरा संग्रहण में लापरवाही और नालियों की गंदगी, अधोसंरचना टूटी सड़कें, जलभराव और नई सड़कों की मांग, बिजली व पेंशन जैसे खराब स्ट्रीट लाइट, अघोषित बिजली कटौती, राशन कार्ड और वृद्धावस्था/विधवा पेंशन की पेंडेंसी।

मौके पर समाधान, वरना स्वयं के व्यय से सुधार

अभियान की विशिष्टता बताते हुए जैसवाल ने कहा कि कई समस्याओं का निराकरण मौके पर ही अधिकारियों से चर्चा कर कराया जाएगा। यदि नगर पालिका प्रशासन इसमें रुचि नहीं दिखाता है, तो युवा कांग्रेस कार्यकर्ता स्वयं के व्यय से नाली सफाई और स्ट्रीट लाइट सुधारने जैसे कार्य करेंगे।

भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा शासित नगर पालिका पर तीखा हमला करते हुए मयूर जैसवाल ने कहा, पिछले 10 वर्षों में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। हम राजनीति से ऊपर उठकर बात करते हैं, भाजपा के ही प्रकाश वल्लभ सोनी का कार्यकाल सराहनीय था जिसे लोग आज भी याद करते हैं, लेकिन वर्तमान परिषद में गिनाने लायक कोई काम नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि जो खुद को राजा समझ बैठे हैं, समय आने पर उनसे जनता की अनदेखी का हिसाब लिया जाएगा।

गुटबाजी को नकारा, एकजुटता का दावा

पार्टी में गुटबाजी और व्यक्तिगत ब्रांडिंग के सवालों पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर पूरी तरह पारदर्शी है। उन्होंने कहा कि टिकट की दावेदारी सबका अधिकार है, लेकिन पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाएगी, सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से उसके लिए काम करेंगे। इस अवसर पर मुख्य रूप से युवक कांग्रेस के नर्मदापुरम विधानसभा अध्यक्ष सौम्य दुबे, गोल्डी बैस, हिमांशु बाबू अग्रवाल, सर्वप्रीत सिंघ भाटिया, गौरव चौधरी, प्रतीक मालवीय, एवं मयंक चौरे सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Rohit Nage

Rohit Nage has 30 years' experience in the field of journalism. He has vast experience of writing articles, news story, sports news, political news.

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.