नर्मदापुरम। संभाग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित नर्मदा ट्रॉफी इंटर क्लब टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में यूथ क्रिकेट क्लब नर्मदापुरम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट कटा लिया है। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन हरदा के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में नर्मदापुरम ने पहली पारी की 146 रनों की विशाल बढ़त के आधार पर जीत दर्ज की। यूथ क्रिकेट क्लब की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही अब खिताबी जंग के लिए उनका सामना फाइनल में डीसीए बैतूल से होगा।
मैच के विवरण की बात करें तो यूथ क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का साहसिक निर्णय लिया। सिद्धार्थ भार्गव के शानदार शतक 104 रन और प्रवीण यादव के 89 रनों की जुझारू पारी के दम पर टीम ने 6 विकेट खोकर 374 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर अपनी पारी घोषित की। इसमें मार्तण्ड प्रताप सिंह के 66 और सौरव वर्मा के 62 रनों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। हरदा की ओर से अक्षत सोलंकी और ऋषभ राठौर ने 2-2 विकेट झटके।
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए हरदा की टीम अक्षत सोलंकी की 105 रनों की शतकीय पारी के बावजूद 70 ओवरों में 228 रनों पर ही सिमट गई। यूथ क्लब के गेंदबाज सौरव वर्मा ने धारदार गेंदबाजी करते हुए सर्वाधिक 4 विकेट लिए, जबकि प्रियव्रत पटेल को 2 सफलताएं मिलीं। मैच के दौरान एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी मेंबर अनुराग मिश्रा, सचिव प्रदीप तोमर सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका आदित्य राजपूत और हरीश हनोतिया ने निभाई।











