इटारसी। शहर के गरीबी लाइन क्षेत्र में अड़बाजी और शराब के पैसे मांगने को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज की और चाकू मारकर जान से मारने की धमकी दी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, खेड़ा निवासी मोहित यादव 20 वर्ष को रेलवे पुलिया के पास रहने वाले आरोपी बादल कुचबंदिया ने रोक लिया और अड़बाजी करते हुए उससे पैसे मांगने लगा। जब मोहित ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आया और चाकू से मोहित की पसली के पास वार कर दिया। वारदात के बाद पीडि़त मोहित यादव ने इटारसी थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया।











