इटारसी। क्षेत्र के युवाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबन की राह पर अग्रसर करने के उद्देश्य से जिला रोजगार विभाग के तत्वावधान में 14 अक्टूबर को एक दिवसीय युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
यह महत्वपूर्ण मेला भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा के परिसर में आयोजित होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व आदिवासी अंचल के युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में प्रत्यक्ष रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना है।
मेले को सफल बनाने और अधिक से अधिक युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत के मार्गदर्शन में पूरी टीम जुटी हुई है। आसपास के शैक्षणिक संस्थानों में सघन प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि इस अंचल का हर योग्य विद्यार्थी इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर अपने पैरों पर खड़ा हो सके।











