नर्मदापुरम। शहर में ईद मिलादुन्नवी के मौके पर निकाले गए जुलूस के दौरान नगर पालिका द्वारा स्वच्छता की एक अनूठी पहल देखने को मिली। ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ (शून्य अपशिष्ट कार्यक्रम) की अवधारणा को साकार करते हुए नपा ने जुलूस के ठीक पीछे एक विशेष स्वच्छता वाहन और सफाई मित्रों की टीम लगाई। इस दौरान सड़क पर गिरी सामग्री को तत्काल साफ किया। खास बात यह रही कि इस स्वच्छता अभियान में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी नपा अमले का बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
तुरंत हटाया गया कचरा और फूलों के अवशेष
जैसे-जैसे जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से आगे बढ़ रहा था, उसके ठीक पीछे स्वच्छता दूत और नपा के वाहन चल रहे थे। जुलूस के दौरान स्वागत में हुई पुष्प वर्षा के अवशेष, पानी की खाली बोतलें, पन्नी और अन्य प्लास्टिक व अनुपयोगी सामग्री को तत्काल सड़क से हटा लिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से जुलूस के गुजरने के तुरंत बाद ही मार्ग पूरी तरह स्वच्छ हो गए।
अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने बताया कि यह विशेष स्वच्छता अभियान नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में चलाया गया। त्योहार के उल्लास के बीच शहर की स्वच्छता बरकरार रखने के लिए विशेष रूप से जीरो वेस्ट इवेंट को ध्यान में रखकर यह रणनीति बनाई गई थी।
इनका रहा सराहनीय योगदान
त्योहार के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने में नगर पालिका के मैदानी अमले की अहम भूमिका रही। इसमें विशाल शर्मा, सतीष यादव, रामसिंह यादव, आनंद केवट, राजेश लुटारे, संजय लुटारे के साथ-साथ अतिक्रमण दल से शेख सिकंदर और सतीष रघुवंशी आदि का सराहनीय योगदान रहा।











