अब युवा नहीं रहेगा बेरोजगार : सरताज

Post by: Manju Thakur

इटारसी। अब युवा बेरोजगार नहीं रहेगा, पहली बार किसी पार्टी ने नौजवानों के लिए भत्ता देने की बात कही है वह भी केवल 4 साल के लिए। क्योंकि 4 साल बाद युवाओं के हाथों में रोजगार होगा। सरकार बनने के बाद 100 फीसदी हालात बदलेंगे। मध्यप्रदेश में हमको ऐसा नेतृत्व प्राप्त होने वाला है, जिसकी योग्यता पर कोई शंका नहीं कर सकता। बड़े-बड़े पदों पर रहे हैं, इसलिए उनके प्रशासनिक कंट्रोल पर संदेह नहीं रहेगा। पिछली सरकार में प्रशासन पर नियंत्रण फ्लॉप था। नौकरशाहों को खुली छूट मिली थी। काम भले नहीं होते थे, पर लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई।
उक्त बातें चुनाव बाद पहली बार इटारसी चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं से चर्चा करने आए सरताज सिंह ने कही। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में कार्यकर्ताओं से लेकर मंत्री तक परेशान थे। पूरी सत्ता अधिकारी चला रहे थे, और उनकी कमान सीधे मुख्यमंत्री निवास में थी। आगामी कांग्रेस सरकार में कार्यकर्ता, नेता एवं आमजन मिलकर विकास की तस्वीर बनायेंगे। विकास की तस्वीर ऐसी होगी जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ेगा। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में काम धंधे चौपट हो गए। आम मजदूर वर्ग परेशान है। इसका सबसे बड़ा दोष नोटबंदी और जीएसटी को जाता है। नियमों का सरलीकरण होना चाहिए, जिससे आम आदमी परेशान ना हो। नेता ऐसा होना चाहिए जो समस्याओं को समझ सके और उनका हल निकाल सके। पिछली भाजपा सरकार में जो नेता थे, उनमें दूरदृष्टि की कमी थी। जो समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाल कर तत्काल समाधान करना चाहते थे। जिसके कारण हर वर्ग उन से परेशान था। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री विजय दुबे काकूभाई ने कहा कि जो हमेशा कांग्रेस पर अपराधियों गुंडा तत्व और शराब माफियाओं को संरक्षण देने की बात करते हैं, अब उनका सही चेहरा खुद सामने आ रहा है कि वास्तव में इन असामाजिक तत्वों को खुला संरक्षण किसका प्राप्त है। इस अवसर पर पूर्व विधायक अंबिका शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष पाली भाटिया, रूबीन खान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संचालन कार्यालय प्रभारी अशोक जैन एवं आभार प्रदर्शन मयूर जयसवाल ने किया।

Sai Krishna1

error: Content is protected !!