पांच दिन की वसूली एक दिन में की
इटारसी। दीपावली पर दुकान लगाने वाले फुटकर व्यापारियों को अवैध वसूली से बचाने के लिए नगर पालिका की बाजार समिति और राजस्व विभाग ने एक नयी पहल की है, यहां बैठने वाले फुटकर व्यापारियों से पांच दिन का कर एक ही दिन में वसूलकर उनको स्पष्ट कह दिया है कि अब किसी को भी कोई पैसा न दें।
इस तरह से हर रोज नपा के नाम कोई भी उनसे वसूली नहीं कर पाएगा। पहले के वर्षों में इस तरह की अनेक शिकायतें आती रही हैं। इससे एक फायदा नपा को यह हो गया है कि उसके कर्मचारियों को हर रोज वसूली के लिए बाजार में नहीं घूमना पड़ेगा। राजस्व उपनिरीक्षक संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि उन्होंने इस योजना को बाजार समिति के सभापति जसबीर सिंघ छाबड़ा और राकेश जाधव की सहमति से लागू कर दिया है। आज करीब 57 फुटकर व्यापारियों की रसीदें काटकर पांच दिन के 50 रुपए लिए हैं। इस तरह से लगभग छह हजार रुपए नपा को राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा है कि फुटकर व्यापारियों से अवैध वसूली की शिकायतें प्राप्त होती रहती थीं, हर रोज एक नया व्यक्ति नपा कर्मचारी बताकर वसूली करके रसीद भी नहीं देता था। अब व्यापारियों को कह दिया है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति को पैसा न दें और कोई आता है तो नपा और पुलिस द्वारा बनाए कंट्रोल रूम में इसकी सूचना दें।
अवैध वसूली से बचाने नपा का नया प्रयोग
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








