सौरभ गिरफ्तार, कोर्ट में पेश
इटारसी। एक ही लड़की की दीवानगी के कारण दो दोस्तों में दुश्मनी इस कदर बढ़ी कि उसकी परिणिति हत्या के रूप में सामने आयी। साल 2018 के अंतिम दिन शुभम की जिंदगी का भी आखिरी दिन साबित हुआ। उसी के दोस्त सौरभ ने ओवरब्रिज के नीचे हनुमानधाम मंदिर के पास उसकी हत्या कर दी।
दरअसल, दोनों एक ही लड़की के दीवाने थे और इसी कारण उनमें दुश्मनी पनप रही थी। तीन माह से दोनों एकदूसरे के दुश्मन बन गए थे। शुभम राजपूत पीपल मोहल्ला का रहने वाला था, सौरभ कहार नाला मोहल्ला का निवासी थी। सौरभ पीपल मोहल्ला आता था तो शुभम उसे यहां आने से मना करता था। लगातार शुभम के दखल से सौरभ ने उसे रास्ते से हटाने का मन बनाया लिया था और सोमवार, 31 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे सौरभ ने उसे उसके घर के पास ही बाहर बुलाकर चाकुओं से गोदकर गला काटा और निकल गया। घटना हनुमानधाम मंदिर समिति द्वारा लगाए सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई। त्रिकोणीय प्रेम की दास्तां हत्या तक पहुंची और दोस्त के कातिल सौरभ को पुलिस ने रेलवे लाइन के समीप ही आउटर से गिरफ्तार कर लिया। टीआई विक्रम रजक ने बताया कि आज दोपहर उसे ज्यूडिशियली रिमांड पर भेज दिया है।
दोनों थे स्टेशन पर वेंडर
शुभम राजपूत और सौरभ कहार दोनों ही रेलवे स्टेशन पर वेंडरिंग करते थे। शुभम किसी सीटीसी कंपनी में पानी बेचने का काम करता था, लेकिन कुछ दिनों से उसने वहां भी जाना बंद कर रखा था और सौरभ कहार ट्रेनों में गुटखा पाउच बेचता था। शुभम मूलत: समीप के गांव लोहारियाकलॉ का निवासी थी, लेकिन पिछले करीब चार वर्ष से वह अपने रिश्तेदार के यहां इटारसी के पीपल मोहल्ला में रह रहा था।







