इटारसी। राज्य शासन द्वारा स्वामी विवेकानन्द जी के जन्म दिवस 12 जनवरी को प्रति वर्ष युवा दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय लिया गया है। युवा दिवस के अवसर पर सभी शिक्षण संस्थाओं, महाविद्यालय, ग्राम पंचायत और आश्रम, शालाओं में सुबह 9 से सामूहिक सूर्य-नमस्कार होगा। सूर्य-नमस्कार के लिये सुबह 9 बजे सभी प्रतिभागी एकत्र होंगे। इसके बाद उद्घोषक द्वारा कार्यक्रम की भूमिका की जानकारी दी जायेगी। सुबह राष्ट्र गीत वन्दे-मातरम् का सामूहिक गायन भी होगा। सुबह 9.30 बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संदेश सुनवाया जायेगा। यह सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन सभी संस्थाओं में एक साथ एक संकेत पर किया जायेगा। जिन संस्थाओं में मैदान नही है, वे अपने विद्यार्थियों हेतु निकटतम संस्था, मैदान में सामूहिक सूर्य नमस्कार का आयोजन करेंगे।
विभाग ने किया प्रमुखों को निर्देशित
स्कूल शिक्षा विभाग ने संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया है कि शिक्षण संस्थाओं में निर्धारित समय पर सूर्य नमस्कार किया जाये। सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था रेडियो के सभी प्रायमरी चैनल एवं विविध भारती से होगी। मुख्यमंत्री जी का प्री.रिकार्डेड संदेश कार्यक्रम प्रसारित किया जायेगा। सामूहिक सूर्य नमस्कार के पूरे समय तक प्रदेश के सभी आयोजन स्थलों पर रेडियो चलाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। संस्था प्राचार्य यह भी सुनिश्चित करेंगे कि उनके आयोजन में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि आवश्यक रूप से सम्मिलित हों। प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करने से होने वाले लाभ से विद्यार्थियों, पालकों को भी अवगत कराया जाये।
शिक्षा कार्यालय को देनी होगी जानकारी
कार्यक्रम में कुल कितने बच्चों, अभिभावकों आदि ने भाग लिया है, कि जानकारी निर्धारित प्रारूप में फोटोग्राफ सहित संकलित की जाकर जिला शिक्षा कार्यालय को भिजवाने के लिए निर्देशित किया गया है।
Click to rate this post!
[Total: 0 Average: 0]
कल होगा सामूहिक सूर्य नमस्कार
For Feedback - info[@]narmadanchal.com