बैठक में सूअर पालकों को कहा, व्यवसाय का तरीका बदलें
इटारसी। सूअर पालन एक लाभकारी व्यवसाय है, यदि आप आधुनिक तरीका अपनाएंगे तो यह आपके जीवन को बदलकर रख देगा। वर्तमान में आप जिस तरीके से सूअर पालन कर रहे हैं, उससे आमजन को परेशानी होने लगी है। आपको अब सूअर पालन के तरीकों में बदलाव लाने की जरूरत है, वर्तमान तरीके से लोक न्यूसेंस पैदा हो रहा है, यही कारण है कि आपको नगर पालिका की ओर से नोटिस जारी हो रहे हैं। वर्तमान में पवित्र त्यौहार सामने है, दुर्गा पंडाल के आसपास सूअर नजर नहीं आएं। आप उनको बाड़े में रखें, फालतू घूमेंगे तो हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।
यह बात, टीआई रामस्नेह चौहान ने आज शाम नगर पालिका सभागार में सूअर मालिकों की बैठक में कही। बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दीक्षित, सभापति राकेश जाधव, स्वास्थ्य अधिकारी एसके तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक आरके तिवारी सहित शहर के एक दर्जन से अधिक सूअर पालक मौजूद थे।
खुले में घूमते न दिखें सूअर
बैठक में सूअर पालकों को साफ कह दिया है कि किसी भी स्थिति में सूअर शहर में खुले घूमते नजर नहीं आने चाहिए। यदि खुले घूमते दिखेंगे तो हम नियमानुसार कार्यवाही करेंगे। उन्होंने सूअर पालकों के इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया कि उन्हें शहर से बाहर सूअरों के लिए बाड़े बनाए जाने के लिए भूमि उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने कहा कि आप व्यवसाय करते है, बाड़े आपको बनाने हैं। सरकार का ऐसा कोई नियम नहीं है कि वह सूअर पालन के लिए भूमि उपलब्ध कराए। यदि आपको भूमि देंगे तो फिर अन्य ऐसे ही मवेशी पालक भी इस तरह की मांग करने लगेंगे, स्थिति सुधरने की जगह और बिगड़ेगी। आप व्यवसाय करते हैं, तो व्यवस्था भी आपको जुटानी होगी।
अब तरीका बदलना होगा
सूअर पालकों को बैठक में सुझाव दिया गया है कि वे अब तक सूअर पालन का जो तरीका अपनाए हैं, उसमें बदलाव लाएं। सूअर पालन का आधुनिक तरीका अपनाएं क्योंकि यह बहुत अधिक लाभ का धंधा है। आप उनको बाड़े में रखें, साफ-सुथरा वातावरण दें, उनका डाइट प्लान अपनाएं और पिग हाउस बनाने की तरफ कदम बढ़ाएं। आधुनिक तरीके से पालन करेंगे तो वर्तमान से चार गुना तक फायदा बढ़ सकता है जो आपका जीवन स्तर ही बदलकर रख देगा। यदि नए तरीके से काम करेंगे तो आपको शासन और प्रशासन की तरफ देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे न सिर्फ आप आर्थिक रूप से समृद्ध होंगे बल्कि वर्तमान में आमजन को होने वाली परेशानी से निजात मिलेगी।
आपका शहर है, सहयोग करें
सभापति राकेश जाधव ने बैठक में उपस्थित सूअर पालकों से कहा है कि यह शहर आपका भी है और इसको साफ-सुथरा रखने की जिम्मेदारी जितनी हमारी है, उतनी ही आपकी भी है। आप मदद करेंगे तो हम शहर की व्यवस्थाएं सुधार सकते हैं। सूअर पालकों ने जब यह कहा कि हम पीढिय़ों से इनका पालन कर रहे हैं, इनसे बीमारी हीं होती तो श्री जाधव ने कहा कि पूर्व में बीमारियां नहीं होती थीं, लेकिन विदेशों से वायरस आया जिससे हमारे यहां के जानवर भी चपेट में आए और अब यह मानवों को भी ग्रसित करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हम आपका रोजगार नहीं छीन रहे हैं, बल्कि आपसे शहर के हित में सहयोग ही मांग रहे हैं, आपका भी शहर के हित में फर्ज बनता है।







