इटारसी। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने घटनास्थल का दौरा किया। एडीएम केडी त्रिपाठी, होशंगाबाद एसडीएम आदित्य रिछारिया, एसडीओपी मोहन सारवान, तहसीलदार ग्रामीण शैलेंद्र बड़ोलिया ने घटनास्थल का दौरा करके जानकारी दी है कि घटना ग्राम ब्यावरा की नजदीक शहीद विजय दुबे की समाधि स्थल के पास हुई है। बताया जाता है कि सुबह 6:40 बजे सभी खिलाड़ी कार क्रमांक mp 05 ca 5816 से इटारसी से निकले थे। जब ब्यावरा के निकट पहुंचे तो होशंगाबाद तरफ से आ रहे ट्रक के पीछे बोलेरो कार चल रही थी जो अचानक ट्रक का ओवरटेक कर के सामने आ गयी। इसी दौरान बोलेरो से टक्कर होने से बचाने के लिए हॉकी खिलाड़ियों की कार अनियंत्रित हो गई और समीप ही एक पेड़ से टकराते हुए पास बने नाले के पिचिन से टकराई और नाले में उतर गई।
नागपुर की टीम से था मैच
मिली जानकारी के अनुसार यह सभी खिलाड़ी मानसरोवर क्लब भोपाल की ओर से खेल रहे थे, जिनका आज होशंगाबाद में मेजर ध्यानचंद एकेडमी नागपुर से सेमीफाइनल मुकाबला था। इसी में शामिल होने के लिए यह लोग होशंगाबाद जा रहे थे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने संवेदना व्यक्त की
प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतक खिलाड़ियों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
प्रभारी मंत्री पीसी शर्मा ने कहा भोपाल भी लाया जा सकता
होशंगाबाद के सड़क हादसे पर होशंगाबाद जिले के प्रभारी मंत्री पीसी शर्मा ने कहा है कि हादसे में घायल 3 घायलों का इलाज चल रहा है। उनकी कलेक्टर और एसपी से बात हुई है।
गंभीर घायलों को डॉ के कहने पर इलाज के लिए भोपाल भी लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं, जो प्रावधान होगा उसके अनुसार आर्थिक मदद की जाएगी।
बताया जा रहा है कि खेल विभाग के डायरेक्टर और अन्य अधिकारी कुछ देर में होशंगाबाद पहुंच रहे हैं अधिकारियों के अनुसार खिलाड़ियों का विभाग ने भी बीमा कराया था। इसके तहत पांच-पांच लाख की राशि होगी मिलेगी। शासन की ओर से जो आर्थिक मदद होगी, वह भी दी जाएगी। इधर होशंगाबाद में खिलाड़ियों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जहाँ विधायक सीतासरन शर्मा, कलेक्टर शीलेन्द्र कुमार सहित जिले के अन्य अधिकारी मौजूद हैं ।
सोमवार को सुबह इटारसी से हॉकी मैच खेलने होशंगाबाद जा रहे सात हॉकी खिलाडिय़ों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से चार की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि तीन बुरी तरह से जख्मी हो गये। दुर्घटना रैसलपुर और ब्यावरा के बीच होना बताया जा रहा है।
ज्ञात हो कि दुर्घटना में इटारसी, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर के खिलाडिय़ों की मौत हुई है। इनमें शाहनवाज इंदौर, आदर्श हरदुआ इटारसी, अनिकेत वरुण ग्वालियर और आशीष लाल जबलपुर का रहने वाला था। बता दें कि इटारसी के साथी खिलाडिय़ों ने रविवार को ही आदर्श हरदुआ का जन्मदिन भी मनाया था। सभी खिलाड़ी कार क्रमांक एमपी 05 सीए 5816 से आज अपना मैच खेलने होशंगाबाद में चल रही अखिल भारतीय मेजर ध्यानचंद हॉकी प्रतियोगिता में शामिल होने जा रहे थे। ये लोग रविवार को भी एक मैच खेलकर इटारसी आए थे। चारों खिलाड़ी एमपी अकादमी से खेलते हैं। सभी घायलों का उपचार नर्मदा अस्पताल होशंगाबाद में चल रहा है। हॉकी कोच कन्हैया गुरयानी ने बताया कि इटारसी निवासी घायल शॉन गिडियन पिता गिडियन अल्फ्रेड 22 वर्ष, निवासी देशबंधुपुरा इटारसी, अक्षय अवस्थी पिता कुलदीप अवस्थी 18 वर्ष, निवासी रेलवे कालोनी ग्वालियर, साहिल चौरे पिता विजय चौरे 19, निवासी देवल मंदिर के पास पुरानी इटारसी का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर एफआवी 03 मौके पर पहुंची थी जहां पायलट अमित कुमार और आरक्षक राहुल 403 ने घायलों को पिकअप से अस्पताल पहुंचाया।









