---Advertisement---

गेहूं की गुणवत्ता की सतत् निगरानी करें : प्रबंध संचालक श्री त्रिपाठी

By
On:
Follow Us

गेहूं खरीदी का प्रबंध संचालक खाद्य निगम ने लिया जायजा
होशंगाबाद । जिले भर में 128 खरीदी केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद की जा रही है। सहकारी समितियो द्वारा 15 मई तक गेहूं की खरीद की जाएगी। प्रबंध संचालक भारतीय खाद्य निगम श्री योगेन्द्र त्रिपाठी तथा प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम श्री फेज अहमद किदवई ने खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण करके गेंहू खरीदी का जायजा लिया। उन्होंने कृषि उपज मंणी होशंगाबाद, वृंदावन वेयर हाउस बाबई तथा भाग्यश्री गोदाम लांघा बमोरी सेमरी हरचंद खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण से पूर्व सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में उन्होने गेहूं खरीदी की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने गेहूं खरीदी के लिए किए गए प्रबंधो की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 6 लाख 36 हजार 870 टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। इसमें से 6 लाख 14 हजार 84 टन गेहूं का परिवहन करके भण्डारण किया जा चुका है। यह कुल खरीदी का 96 प्रतिशत है। अब तक किसानों को सहकारी बैंक द्वारा ऋण राशि की कटौती के बाद 935 करोड से अधिक रूपये का भुगतान किया जा चुका है।
वरिष्ठ अधिकारियों का दल निरीक्षण के लिए सबसे पहले कृषि उपज मंडी होशंगाबाद पहुंचा। प्रबंध संचालक श्री त्रिपाठी ने किसानों से गेहूं खरीदी के लिए की गई व्यवस्थाओ की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि इस वर्ष खरीदी के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई जिसके कारण किसानो को कोई परेशानी नही हुई है। ट्रेक्टर ट्राली में भरे गेहूं को तोल कर सीधे खरीदी केन्द्रों में दिया जा रहा है जिससे किसान का समय बचा। कई गोदामों में सीधे ट्रेक्टर ट्राली ले जाने की भी सुविधा दी गई। अधिकतर खरीदी केन्द्र गोदामों में बनाएं गए है। जिससे परिवहन तथा भण्डारण शीघ्रता से हो रहा है।
अधिकारियों के दल ने इसके बाद बाबई में वृंदावन वेयर हाउस खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन के लिए संग्रहित गेहूं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। प्रबंध संचालक ने कहा कि खरीदे जा रहे गेंहूं की गुणवत्ता की सतत निगरानी करें। गेहूं में मिट्टी या अन्य किसी तरह का पदार्थ होने पर उसे छानने के बाद ही खरीदे। किसानों को भी खरीदी केन्द्र में साफ सुथरा गेहूं लाने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने गोदाम के अंदर जाकर गेहूं के भण्डारण का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन खरीदे गए तथा भण्डारित गेहूं की जानकारी गोदाम पंजी में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। भण्डारण के निर्देशो के अनुसार भण्डारित गेहूं में निर्धारित समय में उपयुक्त कीटनाशको का छिडकाव कराएं। भण्डारित गेहूं की समय समय पर निगरानी करें।
अधिकारियो ने इसके बाद सेमरीहरचंद में गेहूं खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों तथा अधिकारियों से खरीदी के संबंध में जानकारी ली। मौके पर उपस्थित महा प्रबंधक जिला सहकारी बैंक आरबीएस ठाकुर ने बताया कि खरीदी केन्द्र में अब तक 40749 टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। अब केवल 200 टन खरीदी शेष है। पूरे जिले में लगभग एक सप्ताह में खरीदी समाप्त हो जाएगी। कलेक्टर श्री लवानिया ने गेहूं खरीदी के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सभी केन्द्रो में खरीदी की जानकारी आनलाईन दर्ज की जा रही है। भण्डारण परिवहन की सतत मॉनीटरिंग आनलाईन की जा रही है। जिले में लगभग 85 प्रतिशत खरीद हो चुकी है। सभी खरीदी केन्द्रो में किसानो के लिए पेयजल, आवास, नाश्ता, भोजन आदि की उचित व्यवस्था की गई है। किसानो को नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है। निरीक्षण के समय महा प्रबंधक स्टेट वेयर हाउस श्री केसी गुप्ता, एडीएम मनोज सरियाम, एसडीएम सोहागपुर संस्कृति जैन, एसडीएम होशंगाबाद रितु चौहान, जिला प्रबंधक वेयर हाउस डीएस दांगी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम, एस के तायल, जिला आपूर्ति अधिकारी बीएस तोमर तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।

For Feedback - info[@]narmadanchal.com
Join Our WhatsApp Channel
error: Content is protected !!
Narmadanchal News
Privacy Overview

This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.