इटारसी। दीवाली की खरीद करने से पहले आपको यह जानना जरूरी है कि दीवाली का बाजार कैसा होगा। पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी बाजार के साथ ही बाजार में भीड़ के दौरान ग्राहकों की सुरक्षा और उनको परेशानी से बचाने प्लान तैयार करेंगे। जल्द ही पुलिस और नगर पालिका की एक बैठक होगी जिसमें नपा की योजना और पुलिस की योजना में समन्वय बिठाते हुए एक संयुक्त प्लान तैयार होगा।
दीपावली के बाजार में वाहन ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस, नगर पालिका और एनसीसी केडेट्स के साथ दीपावली के बाजार को यातायात की दृष्टि से सुगम बनाया जा सके। इसमें बेरीकेटिंग, वन-वे मार्ग, दीपावली के दौरान अलग-अलग सामग्री के लिए अलग-अलग स्थान तय किए जाएंगे। बाजार में वाहन न पहुंचें इसके लिए जयस्तंभ से पूरे एमजी मार्ग को नो-व्हीकल जोन बनाया जा सकता है। जो लोग वाहन लेकर बाजार आएंगे उनके लिए पश्चिम तरफ से बेरीकेटिंग करके उनके वाहन रेस्ट हाउस के पास उस स्थान पर खड़े कराए जा सकते हैं, जहां वर्तमान में चौपाटी लग रही है। चौपाटी को इस दौरान रेस्ट हाउस के पीछे का स्थान दिया जा सकता है, ताकि रोड पर वाहन खड़े करके ग्राहक ट्रैफिक की व्यवस्था न बिगाड़ें। पूर्व की तरफ बस स्टैंड-सराफा वाले चौराहे पर स्टापर लगाकर वाहन को भीतर जाने से रोका जा सकता है, यहां से आने वाले वाहनों को पंजाब एंड सिंध बैंक के सामने और कुछ लाइन ऐरिया में पार्किंग के लिए स्थान तय किए जा सकते हैं। उत्तर तरफ से बड़ा मंदिर के पास से वाहनों को रोका जा सकता है, पुराने फल बाजार, गुरुद्वारा भवन के पास, श्रीराम लॉज वाली रोड पर स्टापर से वाहनों को रोक सकते हैं।
यहां लग सकते हैं बाजार
पटाखा बाजार गांधी मैदान, फूल-मालाएं, पेड़-पौधे फ्रेन्ड्स स्कूल, लाई-बताशे, दीये-बाती, पोस्टर आदि जयस्तंभ से तुलसी चौक मार्ग, मूर्तियां गुरुद्वारा के आसपास या टैगोर स्कूल से तेरहवी लाइन रोड पर लगायी जा सकती हैं।
इनका कहना है…!
हम जल्द ही नगर पालिका के अधिकारियों के साथ बैठक करके दीपावली के बाजार पर ट्रैफिक प्लान तैयार करेंगे ताकि त्यौहार की खरीदी करने आने वालों को परेशानी न हो।
अनिल शर्मा, एसडीओपी








