इटारसी। शनिवार शाम 6 बजे गैरिज लाइन में अपने एक परिचित की दुकान पर खड़े युवक को एक दो पहिया वाहन चालक ने पहले तो लापरवाही पूर्वक टक्कर मारी और फिर उन्हें उठाकर अस्पताल ले जाने की बजाय उनसे ही गाली गलौच कर मारपीट करने लगा। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी एवं उसके पिता के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार फरियादी पवन कुमार पिता स्व. तेजराम विश्वकर्मा शाम लगभग 6 बजे अपने परिचित की दुकान के पास खड़े थे। तभी थाने की तरफ से आ रहे बिना नंबर के दो पहिया वाहन चालक ने उन्हें लापरवाही पूर्वक टक्कर मार दी और भागने लगा। पकड़ने आये फरियादी के परिचितों से ही वह युवक गाली गलौच और मारपीट पर उतारू हो गया। कुछ देर बाद मौके पर आये वाहन चालक के पिता भी फरियादी और घटना के साक्षी गिरीश विश्वकर्मा को अपनी हैसियत का रौब दिखाते हुए धमकाने लगे और गंदी-गंदी गाली देकर थाने में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी देने लगे।
कुछ देर बाद फरियादी के पुत्र पत्रकार भूपेंद्र विश्वकर्मा ने मौके पर पहुचकर उन्हें शिकायत करने थाने ले गए। थाने में भी आरोपी पक्ष फरियादी पर दबाब बनाते हुए दिखे। पुलिस ने फरियादी पवन कुमार की शिकायत पर टक्कर मारने वाले आरोपी वाहन चालक एवं उसके पिता के खिलाफ धारा 279,337, 294, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार उक्त आरोपी वाहन चालक का पिता थाने के पास ऑटो पार्ट्स दुकान का संचालक है। पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी पक्ष भी थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा परंतु पुलिस ने उन्हें वहां से चलता किया।
टक्कर मारी, गाली गलौच कर दी जान से मारने की धमकी
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








