दो वर्ष पूर्व लिए निर्णयों की समीक्षा भी की
इटारसी। शहर का ट्रैफिक प्लान तैयार है, बस केवल अमल का इंतजार है। शहर की बदतर यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए अब तक हुई दर्जनों बैठकों के बावजूद पुलिस ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया है। खासकर पुलिस का ट्रैफिक अमला इसमें किसी भी प्रकार की रुचि नहीं लेता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने दो दिन पूर्व ट्रैफिक संबंधी चिंताओं से अधिकारियों को अवगत कराया था। आज शाम एसडीओपी आफिस में एसडीएम अभिषेक गेहलोत और एसडीओपी अनिल शर्मा ने रेलवे के अधिकारियों के साथ ट्रैफिक प्लान पर विचार किया। इसके तहत वर्तमान व्यवस्था में कई परिवर्तन दिखने का आश्वासन पुलिस की ओर से दिया गया है। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दीक्षित, नपा के एसआई आरके तिवारी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।
पेड पार्किंग व्यवस्था होगी
आज की बैठक में एसडीएम और एसडीओपी ने रेलवे के अधिकारियों से सड़क पर खड़े रहने वाले आटोरिक्शा को व्यवस्थित करने के लिए रेल सीमा में भूमि मांगी है। रेलवे के अधिकारियों ने कहा है कि उन्होंने पूर्व में हुई बैठक के बाद एक प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है। इसके तहत रेलवे सीमा में आटो चालकों के लिए एक प्री-पेड पार्किंग व्यवस्था की जाएगी। रेलवे इसके लिए एक शेड बनाकर देगी जहां पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी।
रिक्त भूमि पर पार्किंग
रेलवे के रेल मजदूर संघ कार्यालय के पास स्थित रेलवे की रिक्त भूमि को भी नगर प्रशासन ने पार्किंग के रूप में इस्तेमाल करने के लिए सुझाव दिया है जिस पर रेल अधिकारियों ने उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया है। यदि यह भूमि पर पार्किंग की अनुमति मिल जाती है तो बाजार की एक बड़ी समस्या का समाधान हो सकता है। यहां सैंकड़ों वाहन खड़े करके ग्राहक बाजार में खरीदारी कर सकते हैं। बाजार में वाहन नहीं पहुंचेंगे तो समस्या नहीं होगी।
लोडिंग आटो बैल बाजार में
शहर में चलने वाले लोडिंग आटो के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं है। वर्तमान में ये लोडिंग आटो रेस्ट हाउस के सामने रेलवे स्टेशन से गांधी मैदान मार्ग पर दोनों तरफ खड़े रहते हैं और इससे इस अति व्यस्त मार्ग पर यातायात की बड़ी समस्या खड़ी होने लगी है। इन हालात में इनको यहां से हटाना जरूरी है। बैठक में सुझाव आया है कि इनको यहां से हटाकर बैल बाजार स्थित पुराने बस स्टैंड के पास भेजा जाए। इसके लिए नगर पालिका वहां व्यवस्था करेगी।
एमजी रोड पर पार्किंग
दुकानदारों के वाहन पार्किंग की भी एक बड़ी समस्या है। ये अपनी दुकान के सामने रोड पर ही वाहन खड़ा करते हैं। इसके अलावा बाजार आने वाले ग्राहक भी यहीं वाहन खड़ा करते हैं। वर्तमान में चिकमंगलूर चौराह पर बनी दुकानें शिफ्ट होने के बाद यहां नपा कुछ जगह छोड़कर लाइनिंग करेगी। इस लाइन के भीतर दुकानदारों और ग्राहकों के वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसमें एक तरफ दुपहिया और दूसरी तरफ चार पहिया वाहनों के लिए व्यवस्था की जाएगी।
इनका कहना है…!
हमारे कार्यालय में हुई बैठक में रेलवे, राजस्व और नपा के अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारू करने पर मंथन हुआ है। कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। आगामी दिनों में इसके सार्थक परिणाम दिखाई देने की उम्मीद है।
अनिल शर्मा, एसडीओपी








