नपाध्यक्ष और सीएमओ ने कहा, नागरिक स्वयं भी एहतियात बरतें
इटारसी। नगरपालिका परिषद द्वारा इस मौसम में होने वाली डेंगू, चिकनगुनिया जैसी बीमारी से बचाव के लिए स्वच्छ भारत अभियान के तहत सभी वार्डों में कीटनाशक का छिड़काव मशीनों से किया जा रहा है साथ ही मच्छरों के खात्मे के लिए फॉगिंग कराके धुआ किया जा रहा है। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे ने नागरिकों से भी अनुरोध किया है कि नगर पालिका द्वारा अपने स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है, नागरिक भी इसमें सहयोग कर, सफाई व्यवस्था में सहयोग करें।
स्वास्थ्य निरीक्षक एसके तिवारी ने बताया कि डेंगू-मलेरिया की रोकथाम के लिए सफाई कर्मियों की 9 टीमें बनायी हैं जो वार्ड पर्यवेक्षक के नेतृत्व में रुके पानी में, नालियों में एंटी मलेरिया ऑयल का छिड़काव, रुके पानी की निकासी कर रही है। नगर पालिका के स्वच्छता निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि सफाई विभाग की टीम नालियों में, सड़क किनारे कीटनाशक का छिड़काव कर रही है, तथा गलियों में धुंआ भी किया जा रहा है। नपा की टीम ने आज पुरानी इटारसी के कई क्षेत्र में छिड़काव तथा धुंआ किया। नगर पालिका अध्यक्ष सुधा अग्रवाल एवं सीएमओ सुरेश दुबे ने कहा कि लार्वा के लक्षण डेंगू को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि अपने घरों में खाली जगह पर पानी एकत्र न होने दें और डेंगू जैसी बीमारी को नष्ट करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कूलर एवं खाली सामान में बारिश का पानी एकत्र न होने दें। उन्होंने बताया कि जहां भी पानी रहे वहां कैरोसिन डालकर डेंगू जैसे लार्वा को समाप्त किया जा सकता है।
डेंगू-चिकनगुनिया से बचाव के लिए छिड़काव
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







