64 सर्वे दलों को दिया नपा सभागार में प्रशिक्षण
इटारसी। अब सरकार से राशन पाने वालों का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए आज नगर पालिका सभागार में खाद्य विभाग के अधिकारियों ने नगर पालिका और महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारियों को एक वर्कशाप में प्रशिक्षण प्रदान किया। बताया जाता है कि इटारसी के 12 हजार राशन पाने वालों का सत्यापन डोर-टू-डोर किया जा रहा है। इस अवसर पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पुष्पा सोनकर, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पुष्पराज पाटिल, सहायक प्रबंधक इटारसी तरुण धवाके ने एम राशन मित्र एप के विषय में जानकारी दी।
नगर पालिका परिषद के सभागार में शुक्रवार को खाद्य विभाग ने महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और नगर पालिका के कर्मचारियों को राशन उपभोक्ताओं के सत्यापन और एम राशन मित्र एप्लीकेशन के विषय में प्रशिक्षण प्रदान किया। इस कार्य के लिए 64 दल बनाये गये हैं जो डोर-टू-डोर जाकर राशनकार्डधारकों का सत्यापन करेंगे। इसके अंतर्गत उनके पते की जानकारी ली जाएगी कि जो पता उन्होंने दिया है, उस पर वे रह रहे हैं या नहीं, उनके पास आय के संसाधन क्या हैं, उनके पास जमीन कितनी है? इस तरह के कुछ बिन्दुओं पर जानकारी लेकर आफ लाइन एक फार्र्मेट में भरकर लाना होगा। इसी तरह से यही जानकारी ऑन लाइन के लिए एम राशन मित्र एप्लीकेशन में फीड की जाएगी।

शासन के निर्देश अनुसार 16 से 30 नवंबर तक खाद्य पात्रता पर्चीधारियों के सत्यापन का कार्य किया जाएगा। इसके लिए नगर में 64 दल बनाए हैं और हर दल में दो सदस्य हैं। एक सदस्य आफ लाइन सर्वे फार्म भरेगा और दूसरा उसे एम राशन मित्र एप पर ऑन लाइन करेगा। नगरपालिका कर्मचारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सत्यापन दल के सदस्य होंगे। हर पात्रतापर्ची धारी के सत्यापन हेतु फॉर्म एप के माध्यम से डाउनलोड किया जाएगा जिसमें संबंधित परिवार पात्रता की जानकारी एवं सत्यापन दल की जानकारी अंकित होगी। दल द्वारा उक्त जानकारी का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाएग।
क्या है, एम राशन मित्र एप
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत एम राशन मित्र एप लॉन्च किया है। अब उपभोक्ता जिले या अन्य जगह स्थित दुकान से भी राशन प्राप्त कर सकता है। एम राशन मित्र एप के माध्यम से उपभोक्ता राशन की दुकानों पर खाद्यान्न है या नहीं, राशन विक्रेता ने मासिक खाद्यान्न का उठाव किया है या नहीं, दुकान में लगी पीओएस मशीन की स्थिति, आसपास मौजूद दुकानों का पता, लाभान्वित परिवार और उनके सदस्यों की जानकारी आदि घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे। दुकान बंद होने, कम तौलने या खाद्यान्न सामग्री वितरण न किए जाने की शिकायत भी इस एप के जरिए की जा सकेगी। कनिष्ठ खाद्य आपूर्ति अधिकारी पुष्पराज पाटिल ने बताया कि एप में जानकारी ऑनलाइन करने का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए नगर में 64 टीमें गठित की गई हैं। जो घर-घर जाकर राशन कार्ड, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, श्रम कार्ड आदि संबंधित कागजातों की जांच करेंगी। उन्होंने बताया कि यहां 12 हजार परिवारों का वैरीफिकेशन करना है। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पूरी तरह से पार्दर्शिता आएगी और पात्र हितग्राही से लाभ मिल सकेगा। इस ऑनलाइन पोर्टल एप के माध्यम से प्रत्येक पात्रता पर्चीधारी का सत्यापन के लिए दो सदस्यीय सत्यापन दल का गठन किया है जो पात्र परिवार, सदस्य व वंचित पात्र परिवार के नाम जोड़के लिए कार्य करेगा।







