70 लीटर से अधिक शराब जब्त
इटारसी। अनुविभाग के तीन पुलिस थानों में आज अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करके 70 लीटर से अधिक कच्ची शराब जब्त की गई है जबकि दो वारंटियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसडीओपी अनिल शर्मा ने बताया कि इटारसी थाना अंतर्गत ग्राम मेहरागांव से साठ लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त करके आरोपी प्रीतम पिता रामप्रसाद मेहरा 26 वर्ष के खिलाफ कार्रवाई की गई। यह 15-15 लीटर की चार केन में शराब भरकर बेचने ले जा रहा था कि मुखबिर की सूचना पर इसे गिरफ्तार किया गया। शराब की कीमत करीब 6 हजार रुपए बतायी जा रही है। इसी तरह से केसला थाना पुलिस ने ग्राम मरयारपुरा के आरोपी रामप्यारे पिता बुद्धु सिंह कोरकू 35 वर्ष को पांच सौ रुपए कीमती की दस लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसी तरह से पथरोटा थाना अंतर्गत उमाबाई 48 वर्ष से तीन लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अलावा दो वारंटी नेतराम चिरोंजीलाल और सुरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसी तरह से सिटी पुलिस ने भी चार बेमियादी वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशोक पिता भीमा मिस्त्री निवासी नाला मोहल्ला 2005 से धारा 379 और 26 वन अधिनियम के एक मामले में फरार चल रहा था। उसे शुक्रवार की शाम को गिरफ्तार किया है। मेहरागांव का कल्लू पिता भीकमचंद मेहरा 33 भी 2005 से फरार था जो कल ही पुलिस के हाथ आया। तीसरा आरोपी बंटी पिता इमरतलाल भाट धारा 392 के मामले में 2009 से फरार था। उस वक्त यह नाबालिग था, अब बालिग हो गया। चौथा आरोपी पूरन प्रजापति निवासी न्यास कालोनी 06 से विद्युत अधिनियम के एक मामले में फरार था जिसे गिरफ्तार किया गया है। सभी कार्रवाई एएसआई महेश जाट ने की है।
तीन थानों ने की अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई
For Feedback - info[@]narmadanchal.com







