विधायक प्रतिनिधि ने ठेकेदार से कहा, एक साथ सारे काम शुरु करें
इटारसी। विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल ने आज नगर पालिका के इंजीनियर, ऑडिटोरियम की डिजाइन करने वाले आर्किटेक्ट और जनप्रतिनिधियों के साथ आज दोपहर में आडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक काम करने पर नाखुशी जताते हुए बचे हुए सारे काम एक साथ शुरु करने को ठेकेदार से कहा है।
आज दोपहर पिरामिड कंसल्टेंट भोपाल के आर्किटेक्ट विक्रम सक्सेना के साथ विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष अरुण चौधरी, सब इंजीनियर एसके बोहरे, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष जयकिशोर चौधरी ने ऑडिटोरियम में चल रहे कामों का निरीक्षण किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि दिसंबर अंत तक हर हाल में काम पूर्ण किया जाए।
इन कामों को एक साथ करें
ऑडिटोरियम में अभी एयरकूलिंग सिस्टम, पांच सौ सीट्स की फिटिंग, साउंड सिस्टम, साउंड पू्रफ करना, इलेक्ट्रिसिटी, फायर अलार्म, फायर फायटर जैसे काम शेष हैं। ठेकेदार द्वारा एक-एक काम करने पर नाखुशी जताते हुए कहा है कि ये सारे काम एक साथ कराए जाएं ताकि काम जल्द पूर्ण हो।
प्रथम तल पर कॉन्फ्रेंस हाल
ऑडिटोरियम की डिजायन में उसे द्वितीय तल पर बनाया है। प्रथम तल पर एक हॉल है। यहां वातानुकूलित एक कॉन्फ्रेंस हाल तैयार करने की भी योजना पर विचार किया जा रहा है। इस हाल में कुछ इंडोर खेलों जैसे टेबिल टेनिस, बैडमिंटन आदि के लिए संभावना भी तलाश निरीक्षण दल ने की है।








