इटारसी। इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी में आज गुरुवार को और इज़ा$फा हो गया था। दोपहर तक सूरज खूब तपा, लेकिन दोपहर के बाद बादलों ने धूप का रास्ता रोका और हवाओं ने गर्मी का असर कम कर दिया। मौसम विभाग का अनुमान था कि नवतपा में सूरज कहर बरपाएगा, उसी के अनुरूप आज धूप का तीखापन अधिक था और तापमान 44 डिग्री के आसपास पहुंच चुका था, लेकिन दोपहर बाद से आसमान पर बादलों ने ढेरा डाल लिया तथा शाम पांच बजे के बाद से चली तेज़ हवाओं ने लोगों को गर्मी से अच्छी खासी राहत प्रदान कर दी।
आसमान पर छाए बादलों ने नवतपा में बारिश के संकेत दे दिए हैं। स्थानीय मान्यता के अनुसार यदि नवतपा में बारिश हुई तो फिर मानसून काफी रुलाता है, और लोग बादलों की मौजूदगी देखकर यही अनुमान लगाने लगे हैं। आज से नवतपा की शुरुआत हो चुकी है और मौसम विभाग के अनुमान को मानें तो आगामी 9 दिन गर्मी के लिहाज़ से काफी कष्टप्रद रहने वाले हैं। 25 मई से 2 जून तक नवतपा रहेगा और माना जा रहा है कि ये नौ दिन काफी तपेंगे। इस दौरान पारे में चार से पांच डिग्री तक उछाल आने का अनुमान मौसम विभाग लगा रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्व की गतिविधियों को देखते हुए पारे में हल्की नरमी देखी गई थी, लेकिन नौतपा में इसमें फिर से उछाल आएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस दौरान तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियश तक पहुंचने का अनुमान है।
तापमान में इजाफा के अलावा मौसम विभाग ने इस दौरान धूलभरी आंधी चलने का भी अनुमान जताया था, नौतपा के पहले दिन चली हवाओं ने इस अनुमान को सही साबित करने का प्रयास किया है। शाम साढ़े पांच बजे कुछ देर तेज धूलभरी हवाएं भी चलीं, लेकिन वह अधिक देर नहीं रही। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूलभरी आंधी चलने की आशंका जतायी है।
क्या होता है नौतपा
रोहणी नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश के दौरान नौ दिन तेज तपन होती है। इन नौ दिनों में सूर्य की किरणें सीधी धरती पर पड़ती हैं और तपिश छोड़ती हैं। इसलिए इन दिनों भीषण गर्मी पड़ती है। रोहिणी नक्षत्र में सूर्य के प्रवेश करते ही धरती और सूर्य के बीच की दूरी काफी कम हो जाती है जिससे धरती पर सूर्य की तपन तीखी हो जाती है। यही कारण है कि ये नौ दिन काफी गर्म और झुलसाने वाले होते हैं।
दोपहर तक तपन, शाम को बादलों ने रोका धूप का रास्ता
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








