भारत स्काउट-गाइड ने मनाया स्थापना दिवस
इटारसी। पश्चिम मध्य रेलवे सीनियर सेकेंड्री स्कूल नयायार्ड में भारत स्काउट गाइड के स्थापना दिवस कार्यक्रम में नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, एकता जैसे संदेश दिए गए। कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट फैजान खान ने प्राचार्य संजय देशमुख को फाउंडेशन डे का स्टीकर लगाकर की।
इस दौरान स्काउट-गाइड द्वारा सामूहिक गीत प्रतियोगिता में विभिन्न टोलियों ने गीत प्रस्तुत किए जिसमें चीता टोली ने मध्यप्रदेश गान, शेर टोली ने हर देश में तू, हर वेश में तू, बाज टोली ने सारे जहां से अच्छा गीत गाए। पायल सावनेर ने महिला सशक्तिकरण पर, निशिता अशवारे ने स्वच्छता अभियान और तनिष्क श्रीवास ने एकता पर नाटक पेश किये। हाथी टोली ने सबसे अच्छा नाटक अंधे की लाठी प्रस्तुत किया। गाइड मनीषा, साक्षी एवं स्काउट विभोर, भुवन ने अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में 120 स्काउट- गाइड, रोवर-रेंजर ने भाग लिया। प्रभारी डॉ. लोकेश कुमार सोनी ने स्काउट-गाइड की स्थापना के पूर्व का इतिहास बताया। प्राचार्य देशमुख ने कहा कि यह एकमात्र संस्था है जिसमें एकता का प्रदर्शन जाति, धर्म के भेद बिना मिलता है। रोवर प्रभारी गंगाराम शर्मा, रेंजर प्रभारी ज्योति कुलकर्णी तथा गाइड केप्टन उषाकिरण गुप्ता भी मौजूद थीं। स्काउट-गाइड निनाद की प्रस्तुति प्रकाशपाल तथा रोवर मास्टर सुरेश कोरडे ने दी। संचालन फैजान खान ने किया। जतिन यादव और नीलिमा दमाड़े ने सहयोग प्रदान किया।
नाटक से दिया स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और एकता का संदेश
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








