नए सीईओ की मौजूदगी में हुई जनपद पंचायत की बैठक
इटारसी। जनपद पंचायत केसला की साधारण सभा की बैठक आज नए सीईओ स्वप्निल बानखेड़े की उपस्थिति में हुई। बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष गनपत उईके, उपाध्यक्ष सुनील चौधरी सहित सभी जनपद सदस्य मौजूद थे।
बैठक में आत्मा परियोजना के कार्य, किसानों को बीज वितरण, कृषि उपकरण अनुदान, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखतवा में पेयजल संकट और पोस्टमार्टम कक्ष नहीं बनने, पंचायत को मिलने वाली राशि में गड़बड़ी होने जैसे मुद्दे छाए रहे। आज की बैठक सौहाद्र्रपूर्ण रही और किसी सदस्य ने बिना कोई हंगामा किए, अपनी-अपनी बातें रखीं। हालांकि बैठक के दौरान कुछ हैरतपूर्ण बातें भी सामने आयीं हैं, जिन पर शांति से चर्चा कर हल निकालने की कोशिश की गई।
कृषि विभाग के अधिकारी श्री मालवीय ने बीज वितरण की जानकारी के साथ ही कृषि उपकरण पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी उपस्थित सदस्यों को प्रदान की। जनपद सदस्यों ने बताया कि इसमें ऑन लाइन पंजीयन होता है और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर वितरण होता है, जिससे वास्तविक लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था में संशोधन होना चाहिए और इसके लिए सक चयन समिति का गठन होना चाहिए ताकि वास्तविक लोगों को इसका लाभ मिले।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखतवा के लिए ग्राम पंचायत चौकीपुरा के पास राशि आ चुकी है, लेकिन भवन का कार्य प्रारंभ नहीं होने पर चिंता जतायी गई। इसी तरह से इसी स्वास्थ्य केन्द्र में पेयजल संकट की बात सामने आयी। बैठक में बताया है कि अस्पताल में पेयजल के स्रोत बंद हो चुके हैं और मरीजों और उनके परिजनों को पीने के लिए पानी तक नहीं मिल पाता है। बैठक में मौजूद डॉ. सैनी ने कहा कि यहां एक नए बोरवेल की आवश्यकता है। जनपद सदस्यों ने बताया कि वहां भूजल की कमी से बोर फेल हो जाते हैं। वहां से अलग बोर कराके पानी वहां तक पाइप लाइन के माध्यम से लाया जाना चाहिए, तभी समाधान हो सकेगा।
इसके अलावा पंचायतों को मिलने वाली राशि पर चर्चा करते हुए कहा कि इसमें काफी हेरफेर की संभावना रहती है। इसकी वास्तविकता की जांच होनी चाहिए। पिछले दिनों हुए पौधरोपण पर हो रहे सर्वे में वास्तविक पौधों की संख्या पर क्यों जांच नहीं हो रही है, यह मुद्दा भी सदस्यों ने उठाया। मनरेगा से बनने वाले स्टापडेम और खेल मैदानों में देरी पर भी बैठक में चर्चा हुई।
पेयजल, पौधरोपण और पोस्टमार्टम कक्ष पर चर्चा
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








