इटारसी। सनखेड़ा नाका पर गुरुवार की रात करीब सवा दस बजे वीरू उर्फ प्रमोद कनोजिया की हत्या तीन लोगों ने मिलकर की थी। मारने से पहले एक आरोपी ने गाली देते हुए कहा था कि आज तुझे मैं जान से ही खत्म कर दूंगा।
फरियादी नीलेश ने पुलिस में जो शिकायत दर्ज करायी है, उसमें उसने यही बताया है। फरियादी नीलेश पिता अरगुन मालवीय 23 वर्ष, निवासी शनि मंदिर के पास, ने पुलिस को शिकायत में बताया कि 21 फरवरी की रात 10:15 बजे प्रमोद और वह स्वयं मुकेश साहू के पान के टप सनखेड़ा नाका पर बैठे थे और रामपुर गुर्रा से आने वाले ट्रैक्टर का इंतजार कर रहे थे। इस बीच सिद्धार्थ बडग़ूजर, आदि और अनुज पथरोट ने आकर पुरानी बात पर झगड़ा किया और गाली गलौच करते हुए आदिल ने चाकू निकाला और गाली देते हुए बोला कि प्रमोद तुझे जान से ही खत्म कर देता हूं। उसने प्रमोद पर ताबड़तोड़ वार करना शुरु कर दिया। इस बीच सिद्धार्थ और अनुज ने भी लात-घूसों से प्रमोद को मारना शुरु कर दिया। मैंने तथा सौरभ ने बीच बचाव का प्रयास किया तो सिद्धार्थ बडग़ूजर ने मुझे भी पटक दिया और मारपीट की। इसके बाद वे लोग भाग गए। मैंने तथा प्रमोद के भाई हरीश एवं जीतू ने प्रमोद को ले जाकर सीधे अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार वीरू उर्फ प्रमोद कनोजिया को पहले गांधीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर नर्मदा अस्पताल होशंगाबाद भेजा गया जहां उपचार के दौरान सुबह उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर एसडीओपी उमेश द्विवेदी और टीआई विक्रम रजक भी अस्पताल पहुंचे थे। टीआई श्री रजक ने बताया कि आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। यह भी बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व नीलेश का अनुज से झगड़ा हुआ था, उसी के परिणामस्वरूप यह झगड़ा बढ़ा और यह घटना हो गयी।
हत्याएं चिंता का विषय
शहर में हो रही हत्याएं चिंता का विषय है। बीते एक से डेढ़ माह के भीतर हत्या की यह चौथी घटना है और चौबीस घंटे के भीतर दूसरी। इससे पहले ग्वालबाबा के पास भी पांच आरोपियों ने एक बीस वर्षीय युवक को मौत के घाट उतार दिया था और दोपहर में ही पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया था। रात में यह घटना हो गयी। इससे पहले ओवरब्रिज के नीचे और रेलवे स्टेशन के सामने विवाद के बाद हुई हत्या अवैध वेंडरिंग का परिणाम थीं। रेलवे स्टेशन के सामने विवाद के बाद चाकूबाजी हुई और अवैध वेंडर ने गांधी स्टेडियम के पास जाकर दम तोड़ा था।
मारने से पहले कहा, आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








