इटारसी। जीआरपी ने ट्रेनों में मोबाइल चुराने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। जीआरपी के अनुसार इसे 5 दिसंबर 17 को चुराया एक मोबाइल भी बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष दिसंबर में राजेश पिता पारसनाथ, निवासी बिहार, पाटलीपुत्र एक्सप्रेस के कोच बी-4 की बर्थ नंबर 10 में मुंबई से पटना जा रहे थे कि उनका मोबाइल चोरी हो गया। उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज करायी थी। मामले में जीआरपी ने आरोपी संदीप पिता आजीवन सिंह 19 वर्ष ग्राम भमकापुरा गाडरवारा को गिरफ्तार किया है।
छात्रा और किन्नर का मोबाइल चोरी
छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से पांढुर्ना से हबीबगंज जा रही एक छात्रा का सफर के दौरान मोबाइल चोरी हो गया। छात्रा ने यहां जीआरपी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी है। जीआरपी के अनुसार छात्रा पायल पाटिल 19 वर्ष छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की महिला बोगी में बैठकर सुबह हबीबगंज जा रही थी कि इटारसी के पास वह ट्रेन में टॉयलेट के लिए और मोबाइल सीट पर ही छोड़ दिया। लौटने पर उसे मोबाइल नहीं मिला। जीआरपी ने मोबाइल चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
इसी तरह श्रीधाम एक्सप्रेस से पिपरिया जा रही किन्नर प्रियंका मुखर्जी गुरु रेशम खान का मोबाइल अज्ञात ने उड़ा लिया। प्रियंका ने यहां जीआरपी में शिकायत दर्ज करायी है। वीवो कंपनी के मोबाइल की कीमत 12 हजार रुपए बतायी जा रही है।
ट्रेन से गिरा युवक, सिर में चोट आयी
बीती रात नाला मोहल्ला निवासी एक युवक आउटर पर ट्रेन से गिरकर घायल हो गया। बताया जाता है कि यह ट्रेन में वेंडरी का कार्य करता है।
मिली जानकारी के अनुसार दीपक पिता रमेश सिंह 28 वर्ष बीती रात करीब 10 बजे कर्नाटक एक्सप्रेस से गिर गया। उसके सिर में गहरी चोट आयी है। उसे उसके परिजन डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी शासकीय अस्पताल लेकर गए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद होशंगाबाद रैफर कर दिया गया।








