सिवनी मालवा। मौसम के बदलने के कारण शहर में मच्छरों की संख्या बढ़ी है। यह स्थिति हो गई है कि वह नागरिकों पर मधुमक्खी की तरह झूम रहे हैं। मच्छरों की आतंक से नागरिकों का हाल बेहाल हो गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा छिड़काव नहीं करने से इस स्थिति में इजाफा हुआ है।
नगर पालिका का स्वास्थ्य विभाग निष्क्रिय दिखाई दे रहा है। अधिकांश वार्डों में फॉगिंग मशीन कई महीनों से नहीं चली। न तो मच्छर रोधी दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है, और ना ही नालियों की सफाई समय पर हो रही है। रहवासी राजू जाट, मनोज रघुवंशी, चंदू चौबे आदि नागरिकों ने बताया कि नगर पालिका टैक्स वसूलने में देर नहीं करती, लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ नहीं किया जाता है।
घरों में मच्छरों का इतना ज्यादा प्रकोप है कि 1 घंटे चैन से भी नहीं सोने देते हैं। भीषण गर्मी के कारण नालियों में मच्छरों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। नागरिकों की मांग है कि तत्काल फॉगिंग की जाये, नालियों की सफाई हो, नियमित दवा छिड़काव शुरू किया जाए।