कॅरियर अवसर मेले का आयोजन
इटारसी। शासकीय एमजीएम पीजी महाविद्यालय में आज कॅरियर अवसर मेला एवं प्लेसमेन्ट ड्राईव का आयोजन स्वामी विवेकानन्द कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य अतिथि मप्र विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा, विशेष अतिथि इटारसी एसडीएम अभिषेक गेहलोत एवं कालेज प्राचार्य डॉ. पीके पगारे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए मध्यप्रदेश शासन की विशेष योजनाओं का उल्लेख करते हुए स्वामी विवेकानन्द के जीवन से प्रेरणा लेकर कर्म द्वारा लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को असफल होने पर भी निराश न होकर पुन: प्रयास के लिए भी प्रेरित किया।
एसडीएम अभिषेक गेहलोत ने विद्यार्थियों को लक्ष्य प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान करते हुए निरंतर, क्रमबद्ध तथा व्यवस्थित प्रयास के लिए प्रेरित किया तथा लोक सेवा आयोग के विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से बताया। प्राचार्य, डॉ. पीके पगारे द्वारा विद्यार्थियों को प्लेसमेन्ट के लिए आवश्यक तैयारी एवं प्रस्तुतिकरण के लिए प्रेरित करते हुए विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
स्वामी विवेकानन्द कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ट, प्रभारी डॉ. पीके अग्रवाल ने अपने प्रतिवेदन में बताया कि महाविद्यालय में 11 प्रतिष्ठित कंपनियों को आमंत्रित किया जिनमें प्रमुख रूप से जयको बायो-होशंगाबाद, इन्फ्रावुल्स-इन्दौर, रूरल सोर्स बिजिनेस-बुदनी, इंस्टीट्यूट आफ फाइनेन्स बैंकिंग एण्ड इंश्योरेन्स-भोपाल, एप्पिन टेक्नोलाजी लैब-भोपाल, नव किशन बायोटेक लिमिटेड-जबलपुर ने उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को प्लेसमेन्ट हेतु साक्षात्कार एवं परीक्षण किया। इस अवसर पर लगभग 500 विद्यार्थियों ने कॅरियर अवसर का लाभ उठाया। कॅरियर अवसर मेले में स्वरोजगार से संबंधित लगभग 20 स्टाल लगाये गये।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय में आयोजित 18 दिवसीय स्वरोजगार प्रशिक्षण शिविर के प्रशिक्षकों को स्मृति चिन्ह प्रदान किय साथ ही उत्कृष्ट विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्रो का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. ओपी शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रेरित किया अतिथियों ने
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








