इटारसी। बीती रात जीआरपी के हत्थे चढ़े आदतन अपराधी आनंद कटारे से जब जीआरपी ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने तीन अन्य साथियों के नाम बताते हुए ट्रेनों में लूट और चोरी की 2 वारदात करना कुबूल किया है, जो उसने पिछले ही माह जंक्शन पर अंजाम दी थी।
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार आनंद कटारे पिता अमीरदास कटारे अंबेडकर नगर न्यास कॉलोनी आतदन अपराधी है। मुखबिर की सूचना के बाद शनिवार शाम उसे टीम ने पकड़ा था। पूछताछ के बाद आरोपी ने 2 ट्रेनों में वारदात करना कुबूल करते हुए अपने 3 अन्य साथियों के नाम पुलिस को बताए जिसके बाद पुलिस ने शनिवार तड़के तीनों को उनके घरों से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आनंद ने अब्दुल गफूर उर्फ श्याम काला पिता सुभाष निवासी भुसावल हाल निवासी इटारसी, पवन पिता प्रदीप चौलकर निवासी नाला मोहल्ला, शंकर पिता गिरधारीलाल कहार निवासी शाहपुर करेली के साथ मिलकर ट्रेन में लूट और एक चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। जीआरपी ने सभी आरोपियों को आईपीसी की धारा 399,402, 379,380 के तहत गिरफ्तार कर शनिवार दोपहर पुलिस रिमांड हेतु प्रस्तुत किया न्यायालय ने चारों को 19 नवंबर तक पुलिस रिमांड में जीआरपी के सुपुर्द किया है। जीआरपी के अनुसार आरोपियों से वारदातों में लूटा मशरूका बरामद करने रवाना हो गई है। दोनों ही वारदात एक से डेढ़ लाख रूपए की बताई है। 2 दिन बाद जीआरपी पूरे मामले का खुलासा करेगी।










