इटारसी। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन मध्य प्रदेश की होशंगाबाद जिला इकाई आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को नाश्ते में अंडा दिए जाने के पक्ष में नहीं है। संगठन ने प्रदेश सरकार के उस निर्णय का विरोध किया है जिसमें बच्चों को कुपोषण से बचाने आंगनवाडियों में अंडे देने का जिक्र है। संगठन का कहना है कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय से मप्र के शाकाहार प्रेमियों को बहुत कष्ट हुआ है।
शनिवार को दोपहर में अग्रवाल भवन में संगठन ने मीडिया के समक्ष अपनी बात रखते हुए कहा कि भारतवर्ष में सदियों से अहिंसा की परंपरा रही है, जिसके अनुकूल ही हमारा जीवन आहार-विहार इत्यादि क्रियाएं संचालित हैं। यद्यपि भोजन चर्या का विषय किसी का भी नितांत व्यक्तिगत विषय होता है, तथापि सार्वजनिक स्थल विशेषत: जहां बच्चों को शिक्षित करने की नींव रखी जा रही हो, वहां संपूर्ण विश्व में एकमत से स्वीकार शाकाहार को प्राथमिकता दिया जाना चाहिए। देश की संस्कृति में भोजन में लिए जाने वाले खाद्य एवं अखाद्य पदार्थ भी धार्मिक आस्था के विषय होते हैं क्योंकि आंगनवाड़ी केंद्रों में सभी धर्म एवं संप्रदाय के बच्चे एक साथ शिक्षा ग्रहण करते हैं, ऐसे में यदि अंडे का वितरण किया जाएगा तो यह धार्मिक आस्थाओं पर भी कुठाराघात जैसा होगा।
हो सकता है, इन सभी कारणों से हो सकता है, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति कम हो जाए, पौष्टिकता के लिए अंडे के अलावा अन्य और भी बहुत शाकाहारी विकल्प है, कृपया इस पर विचार किया जाए, विभिन्न आहार विशेषज्ञों द्वारा सदैव ही बच्चों के लिए शुद्ध शाकाहारी भोजन को ही उचित आहार कहां गया है, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चे निश्चल भाव से एक दूसरे से जुड़े होते हैं। मांसाहारी भोजन होने से, शाकाहार एवं मांसाहार का वैमनस्य बच्चों के मध्य पैदा होने की संभावना सदैव बनी रहेगी। शुद्ध सात्विक भोजन ही हमारी पहचान है, हम इसे बरकरार रखना चाहते हैं।
संगठन ने मुख्यमंत्री कमलनाथ से अनुरोध किया है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में शाकाहारी भोजन को ही प्राथमिकता दें। इसके लिए संगठन के सदस्य सोमवार को होशंगाबाद जाकर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपेंगे। इस दौरान वैश्य महासम्मेलन मप्र के चार्टर जिलाध्यक्ष चंद्रकांत अग्रवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपक हरिनारायण अग्रवाल, जिलाध्यक्ष संजय शिल्पी, गोविन्द बांगड़, नगर शाखा अध्यक्ष प्रहलाद बंग, जिला मीडिया प्रभारी हरीश अग्रवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद थे।
वैश्य महासम्मेलन ने किया आंगनवाडियों में अंडा देने का विरोध
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








