नपाप का विशेष सम्मेलन में 12 प्रस्तावों को हरी झंडीएक नज़र
सूखा सरोवर का नाम होगा दशहरा मैदान
कचरा कलेक्शन के लिए देना होगा शुल्क
सफाई वाहनों पर लगेगा जीपीएस सिस्टम
इटारसी। नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन आज शाम यहां नपा सभागार में आयोजित किया गया जिसमें 12 प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सभी सर्वसम्मति से पारित कर दिए गए। सम्मेलन के बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे ने पार्षदों से उनके वार्ड की समस्याएं भी सुनीं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया।
नगर पालिका परिषद में आए 12 प्रस्ताव चर्चा के लिए रखे गए थे। इन प्रस्तावों में सफाई कार्य, निर्माण कार्य और मशीन खरीदी संबंधी थे। बैठक में सभी प्रस्तावों को सीएमओ श्री दुबे ने पढ़ा और पार्षदों ने सभी पर सहमति प्रदान कर दी।
सूखा सरोवर होगा दशहरा मैदान
वर्षों से पुरानी इटारसी में सूखा सरोवर के नाम से जाना जाने वाला मैदान अब दशहरा मैदान के नाम से जाना जाएगा। नगर पालिका परिषद ने इस पर सर्वसम्मति से मुहर लगा दी है। इसी तरह से पुरानी इटारसी में लगने वाला सोमवारा बाजार को शुक्रवार के दिन लगाने पर भी सहमति व्यक्त की गई है।
धूल हटाने ली जाएगी मशीन
सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका जल्द ही एक रोड स्विपिंग मशीन खरीदेगी। नपा परिषद ने इस प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से हरी झंडी दे दी है। इससे एक फायदा ये होगा कि वर्तमान में जो कर्मचारी इस कार्य में लगते हैं, उनका अन्य जगह इस्तेमाल किया जा सकेगा। मशीन से काम तेज होगा।
वाहनों में लगेगा जीपीएस सिस्टम
शहर के विभिन्न वार्डों में चलने वाले कचरा कलेक्शन वाहनों पर अब जीपीएस सिस्टम लगेगा। इससे फायदा यह होगा कि वाहन कहां है, पता चलता रहेगा। अभी कुछ जगह से शिकायतें आती हैं कि उनके यहां कचरा लेने वाहन नहीं आता है। इससे वाहनों की लोकेशन नगर पालिका को मिलती रहेगी।
कचरा कलेक्शन शुल्क तय
अब नगर पालिका कचरा कलेक्शन का शुल्क लेगी। हालांकि यह इतना कम होगा कि नागरिकों को बहुत अधिक आर्थिक भार नहीं आएगा। यह शुल्क भी अलग से नहीं लिया जाकर नपा के संपत्तिकर के साथ लिया जाएगा। इसके लिए परिषद ने सर्वसम्मति से ढाई सौ रुपए साल तय किया है।
सरकारी भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग
नगर पालिका परिषद ने शहर के लोगों को उनके भवनों में रैन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने से पहले सरकारी भवनों पर यह सिस्टम लगाने का प्रस्ताव पास किया है। नागरिकों से भी कहा है कि वे अपने भवनों पर यह सिस्टम लगाएं। जो यह सिस्टम नहीं लगाएंगे उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इनको भी मिली हरी झंडी
ट्रचिंग ग्राउंड जिलवानी में बनाया जा रहा है। इसको तैयार करने में लगभग 40 लाख रुपए का व्यय आएगा। परिषद ने इसकी वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति दे दी।
शहर की कई सड़कें जो काफी पुरानी और जर्जर हाल हो गई हैं, उनके रख रखाव के लिए उनका डामरीकरण होना है। इसके लिए 2 करोड़ के प्रस्ताव को स्वीकृत किया।
पुलिस विभाग के प्रस्ताव अनुसार शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए 80 लाख रुपए की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
चिकमंगलूर चौराह के पास निर्मित दुकानों के बीच सर्वसुविधायुक्त सार्वजनिक जनसुविधा केन्द्र एवं कंट्रोल रूम निर्माण के लिए 40 लाख रुपए की स्वीकृति दी।








