सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने कहा
इटारसी। नगर पालिका परिषद के दो वर्ष के कार्यकाल में न सिर्फ शहर की सूरत बल्कि सीरत भी बदली है। इन दो वर्षों में विकास के अनेक काम हुए और अब भी हो रहे हैं। अभी तीन वर्ष का वक्त है, और भी बदलाव देखने को मिलेंगे. इन सबके लिए पूरी परिषद, अधिकारी और सारे स्टाफ के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का वक्त है।
यह बात मप्र विधानसभा के अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा ने यहां नगर पालिका परिषद के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही। शहर को केन्द्र सरकार से खुले में शौचमुक्त घोषित करने के उपलक्ष्य में नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी और समस्त पार्षदों का सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में डॉ. शर्मा ने कहा, दो वर्षों में काफी बदलाव देखने को मिले, जल आवर्धन योजना का काम 95 फीसदी हो गया है, पहले के लोगों ने आधे से ज्यादा पैसा समाप्त कर दिया और काम कुछ भी नहीं किया. केवल पाइप का ढेर लगा गए थे। शेष बची राशि से हमने योजना का काम पूर्ण करा लिया है. बस नहर और रेल लाइन क्रासिंग शेष है, जिसे जल्द ही करा लिया जाएगा। आडिटोरियम का काम अंतिम चरण में है, ओझा बस्ती व्यवस्थित हो गई है, ईरानी डेरे को भी व्यवस्थित करने की योजना है, यूआईडी एसएसएमटी के तहत सौ आवासपूर्ण हो गए और शेष पर निर्माण कार्य शुरु हो गया, सरदार वल्लभभाई पटेल चौराह शहर की शान बन गया है, सब्जी मंडी का कार्य पूर्ण होने को है, प्रधानमंत्री आवास पर काम चल रहा है, बस स्टैंड की बाउंड्रीवाल बनकर तैयार है, इसकी आफिशियल पजेशन भी मिल गया है। पुरानी इटारसी में हॉट बाजार बना है तो जिलवानी में जमीन मिल गई. सोनासांवरी रोड को एनएस से जोडऩे की स्वीकृति भी मिल गई, अंडरब्रिज का काम भी जल्द शुरु होगा। ये सारे काम का श्रेय नगर पालिका की टीम को ही जाता है।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल ने कहा कि नपा को जो उपलब्धि मिली है, वह विधानसभा अध्यक्ष
डॉ.सीतासरन शर्मा के मार्गदर्शन का ही परिणाम है। उन्होंने हमारी परिषद का हाथ थाम रखा है और सभी प्रकार की कठिनाई से निकालते हैं। विकास की श्रंखला में उनका भरपूर योगदान है।
स्वागत उद्बोधन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे ने कहा कि इन दो वर्षों में जो काम हुए और शहर को ओडीएफ कराने जो मेहनत की गई है, उससे नपा को शासन और प्रशासन से प्रशंसा मिली है। इन दो वर्षों में शहर की छवि सुधरी है। जिस शहर को गंदा कहा जाता है, वह सोच बदली है। यह सबके सहयोग से संभव हो सका है। केन्द्र सरकार से आए प्रतिनिधिमंडल ने ओडीएफ घोषित करने से पूर्व शहर के करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर जाकर बारीकी से निरीक्षण किया है। रेलवे का हिस्सा हमारे लिए चुनौतीपूर्ण था, हमने वहां भी काम किया और सफाई की।
इनका किया सम्मान
ओडीएफ के लिए नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण चौधरी के अलावा खुले में शौचमुक्त करने के अभियान के दौरान सहयोग करने वाले सभी चौंतीस वार्डों के पार्षदों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। विस अध्यक्ष ने सभी का माला पहनाकर स्वागत किया तथा प्रमाण पत्र दिए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेश दुबे को जिले की सर्वश्रेष्ण नगर पालिका होने पर उनके उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसी के साथ शहर में होने वाले लगभग सभी कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल को भी सम्मानित किया। स्वच्छ भारत मिशन में योगदान के लिए सरकार से प्राप्त प्रशस्ति पत्र सीएमओ सुरेश दुबे, विधायक प्रतिनिधि कल्पेश अग्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी एसके तिवारी, स्वच्छता निरीक्षक आरके तिवारी, सब इंजीनियर मुकेश जैन, कार्यालय अधीक्षक अब्दुल सलीम, समयपाल राजेश दीक्षित को प्रमाण पत्र दिए। नगर पालिका कर्मचारी संघ की ओर से विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीतासरन शर्मा, नपाध्यक्ष श्रीमती सुधा अग्रवाल, उपाध्यक्ष अरुण चौधरी और सीएमओ सुरेश दुबे का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुनील बाजपेयी ने तथा आभार प्रदर्शन स्वास्थ्य समिति के सभापति यज्ञदत्त गौर ने किया।
सूरत नहीं, सीरत भी बदली है शहर की
For Feedback - info[@]narmadanchal.com








