इटारसी। शहर इन दिनों स्वच्छता की कठिन परीक्षा के दौर से गुजर रहा है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 की परीक्षा लेने दिल्ली से आयी टीम के सदस्य हर रोज लगभग साढ़े 12 घंटे शहर के वार्ड में जाकर बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं। दिल्ली से मिल रही लोकेशन के आधार पर टीम के सदस्य स्थानीय स्वच्छता टीम के साथ वार्ड में भ्रमण कर निरीक्षण कर रहे हैं। आज शहरी विकास मंत्रालय द्वारा एक लाख से कम आबादी वाले शहरों की जो रैंकिंग जारी की गई है, उसमें इटारसी 14 वे स्थान पर है और उसकी रैंकिंग में एक स्थान की गिरावट आयी है, सिवनी मालवा जो 15 वे स्थान पर था, आज 13 वे पर है तथा इटारसी 13 वे से 14 वे स्थान पर खिसक गई है।
टीम का आज लगातार शहर में फील्ड सर्वे का तीसरा दिन था। टीम संभवत: 8 फरवरी तक शहर में भ्रमण करेगी। एक दिन में अधिकतम सात वार्ड का भ्रमण हो रहा है। आज मंगलवार को टीम के सदस्य सुबह 9 बजे भ्रमण पर निकले। इस दौरान वार्ड 11,12,13,14,15,27 और 28 में निरीक्षण किया।
फीडबैक में मिल रहा समर्थन
दिल्ली की टीम के सदस्य शहर में स्वच्छता के लिए किए गए कार्यों की जांच का असिस्मेंट जनता से कर रहे हैं। जनता से सवाल पूछे जा रहे हैं कि शहर की नगर पालिका ने स्वच्छता के लिए कौन-कौन से कार्य किए और उन कार्यों से आपको संतुष्टि है कि नहीं। दरअसल, इस तरह के सवालों पर शहर की व्यवस्था को जनता का समर्थन मिल रहा है। इसके पीछे कारण यह है कि पिछले वर्षों की अपेक्षा शहर की सफाई व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आए हैं। यही कारण है कि शहर के अधिकांश लोग वर्तमान की व्यवस्था से इस सर्वे के दौरान सवालों के जवाब में संतुष्टि ही व्यक्त कर रहे हैं।
इन चीजों पर है टीम का फोकस
स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 की गाइड लाइन के अनुसार सर्वे टीम के सदस्य शहर में घूमकर जो जांच कर रहे हैं, उसमें सिटीजन फीडबैक के अलावा सामुदायिक शौचालयों की स्थिति, वहां की सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं जैसे पानी, वॉशबेसिन, महिला, बच्चों, विकलांगों के मुताबिक व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था पर बारीक नजर रख रहे हैं। इस दौरान सामुदायिक शौचालय में आने वालों से भी व्यवस्था संबंधी सवाल करके उनकी संतुष्टि की जानकारी ली जा रही है। आज टीम ने सामुदायिक शौचालयों के निरीक्षण में समरस्ता नगर, वार्ड 12 में रेलवे लाइन किनारे के शौचालय की स्थिति देखी।
यहां भी पहुंची सर्वे टीम
ओझा बस्ती समरस्ता नगर के पास जहां डंपिंग मैदान का सौंदर्यीकरण और खाद बनाया जा रहा है
फे्रन्ड्स स्कूल मैदान के सामने स्थित अटल पार्क में जहां नगर पालिका द्वारा खाद तैयार किया जा रहा है
स्कूलों के निरीक्षण में टीम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला सूरजगंज और कुसुम मालपानी स्कूल पहुंची
समरस्ता नगर ओझा बस्ती के पास जहां शहर का कचरा डंप करके गीला-सूखा कचरा पृथक किया जा रहा है
इनका कहना है…!
स्वच्छ सर्वेक्षण के दौरान नगर पालिका के स्वच्छता के प्रति किए गए प्रयासों को जनता की सराहना मिली है। हमारी कोशिश रहेगी कि न केवल नंबर वन आना, बल्कि नंबर वन बने रहना भी है। अत: सर्वेक्षण के बाद भी स्वच्छता के लिए हमारे प्रयास जारी रहेंगे।
अक्षत बुंदेला, सीएमओ







