इटारसी। हॉकी मप्र के तत्वावधान में हॉकी होशंगाबाद द्वारा आयोजित जूनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट हॉकी टूर्नामेंट में तीसरे दिन तीन मैच खेले गये। इन मैच में जबलपुर, मप्र आदिवासी विकास विभाग और धार ने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। गांधी मैदान पर आज हॉकी प्रेमी दर्शकों की अच्छी संख्या थी। 5 दिसंबर को प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला जाएगा।
पहला मैच धार और कटनी के बीच खेला गया। दोनों ही टीमों ने काफी तेज खेल दिखाया। काफी संघर्षपूर्ण मुकाबला था। लेकिन, बाजी एकतरफा धार के पक्ष में रही। धार ने यह मैच चार गोल से जीता। मैच के 14 वे मिनट में आशीष ने मैदानी गोल किया तो 20 वे मिनट में बजरंगी ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। 31 वे मिनट में शिवम ने और 37 वे मिनट में रोहित ने गोल करके स्कोर 4-0 कर दिया। इस मैच में खिलाडिय़ों से जीनियस प्लानेट के संचालक मो.जाफर सिद्दीकी ने परिचय प्राप्त किया।

दूसरा मैच जबलपुर और बैतूल के बीच खेला गया जिसमें जबलपुर ने 2-0 से जीता। पेनाल्टी कॉर्नर में 12 वे मिनट में किशन और 35 वे मिनट में आशीष ने गोल किये। मैच में तरुण पोपली, हरप्रीत सिंघ छाबड़ा, सन्नी छाबड़ा, चंचल पटेल ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। तीसरा मैच काफी रोमांचक रहा। सिवनी छपारा और मप्र आदिवासी विकास की टीम ने काफी तेज खेल दिखा और एकदूसरे के खिलाफ कई आक्रमण किये। निर्धारित समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। इन टीमों को अतिरिक्त समय दिया गया जिसमें मप्र ट्रायवल की टीम ने 54 वे मिनट में शंकर ने गोल मारकर अपनी टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। मैच में नोबल कम्प्यूटर के संचालक दीपक दुगाया और बचपन ए प्ले स्कूल की हैड सुश्री मंजू ठाकुर ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के लिए हॉकी मप्र से जो अधिकृत अम्पायर भेजे गये हैं उनमें प्रवीण कुमार यादव जबलपुर, असद खान सिवनी छपारा, राकेश गढ़वार सतना, रमीज़ कुरैशी सिवनी छपारा, रवि हरदुआ इटारसी-होशंगाबाद, प्रवीण पसारिया जबलपुर और जाकिर अली जबलपुर शामिल हैं। हॉकी मप्र ने जूनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट हॉकी टूर्नामेंट के लिए जो चयन समिति तय की है उसमें जागेन्द्र सिंह तोमर बैतूल, दीपक जेम्स इटारसी और इमरान खान जबलपुर शामिल हैं। ये टीम मैच संचालन में तकनीकि सहयोग कर रही है।








