इटारसी। तीन दिवसीय पल्स पोलियो अभियान 2025 में स्वास्थ्य विभाग ने शानदार सफलता हासिल करते हुए 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। इस दौरान 0 से 5 वर्ष के कुल 17,997 बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवन की पिलाई गईं, जो कि 17,986 के निर्धारित लक्ष्य से भी अधिक है।
अभियान के प्रथम दिवस 12 अक्टूबर को 13,945 बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि द्वितीय दिवस 13 अक्टूबर को 2,212 और तृतीय दिवस 14 अक्टूबर को 1,840 बच्चों को कवर किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने इस अभियान के दौरान घर-घर जाकर टीकाकरण किया, बच्चों के अंगुली पर ‘पी’ मार्क अंकित किया, और उनकी विस्तृत जानकारी ट्रैकिंग प्रपत्र में दर्ज की। यह सुनिश्चित किया गया कि कोई भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रहे।
अभियान की शत-प्रतिशत सफलता पर अधीक्षक डॉ. आरके चौधरी ने सभी सहयोगी विभागों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, शहरी आशा कार्यकर्ताओं, मीडिया, जनप्रतिनिधियों और इटारसी क्षेत्रवासियों के सहयोग की सराहना की। डॉ. चौधरी ने कहा कि यह अभियान पोलियो मुक्त भारत की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें सभी के सामूहिक प्रयास से इटारसी ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।








