मंदिरों और पर्यटन स्थलों पर किया नववर्ष का स्वागत
इटारसी। कई कटु अनुभवों को छोड़कर 2020 बीत गया, उम्मीदों के साथ नये वर्ष (New Year) का लोगों ने स्वागत किया। शहर के मंदिरों और आसपास के पिकनिक स्पॉट (Picnic Spot) पर आज सपरिवार लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। मंदिरों में खासी भीड़ रही। कोरोनाकाल (Corona Virus) के कड़वी यादों को पीछे छोड़ते हुए लोगों ने नये वर्ष का उत्साह से इस्तकबाल किया और यह जानते हुए भी कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ, खुशियों को मनाने का यह अवसर हाथ से जाने नहीं दिया। बच्चे, युवा, महिलाएं बड़ी संख्या में पिकनिक मनाने पहुंचे।
शहर के धार्मिक स्थल श्री बूढ़ी माता मंदिर मालवीयगंज, स्वप्नेश्वर हनुमान मंदिर मालवीयगंज, श्री हनुमानधाम मंदिर ओवरब्रिज के नीचे, श्री खेड़ापति मंदिर एनएच 69, तिलकसिंदूर मंदिर, चौरासी बाबा तवानगर, श्री शरददेव, ग्यारहमुखी हनुमान मंदिर बाघदेव, कुंडी, तवा रिसॉर्ट, तवा बांध आदि स्थानों पर लोग नये वर्ष के इस्तकबाल में पिकनिक मनाने पहुंचे थे।
आज सुबह से लोगों ने नए संकल्प के साथ मंदिरों में पूजा अर्चना की। ये सिलसिला देर शाम तक चला। वहीं पर्यटन स्थल पर भी भारी तादाद में लोगों नये साल के स्वागत के लिये पहुंचे थे। नए साल का जश्न मनाने कोई शहर के बाहर जाकर कुछ पल सुकून के बिताने निकला तो कई शहर के ही आसपास के पर्यटन स्थलों में घूमने पहुंचा। कुछ लोगों ने अपने परिवार के साथ शहर में ही धार्मिक और पिकनिक स्थलों पर जाकर खुशियां मनाई। कोरोना के कारण तमाम बुरे अनुभवों के साथ ही साल 2020 को विदा कर दिया है। आज नये वर्ष 2021 के पहले दिन लोगों ने दिन की शुरूआत भगवान की पूजा अर्चना से की। सुबह से लेकर देर शाम तक शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा, वहीं पार्क में भी बच्चों की चहल पहल नजर आयी। मंदिरों में लोग अपने परिवार के साथ पहुंचे, जहां पूजन अर्चन कर दर्शन किया।
मंदिर में विशेष सजावट की

स्वपनेश्वर हनुमान मंदिर (Swapneshwar Hanuman Temple) में नववर्ष के चलते सुंदर साज सज्जा की थी। मंदिर के प्रवेश द्वार को फूलों से सजाया था। यहां लोग अपने परिवार, मित्रों के साथ पहुंचे। मंदिर में भगवान राम भक्त हनुमान से श्रद्धालुओं ने कोरोना से मुक्ति की प्रार्थना की, वही रंगबिरंगे कपड़ों से सजे मंदिर परिसर के पार्क में लोगों ने परिवार के साथ पिकनिक मनायी और सेल्फी भी ली। शाम को स्वप्नेश्वर हनुमान मंदिर में 2100 दीप प्रज्वलित किये और भगवान को 56 प्रकार व्यंजनों का भोग लगाया।
बच्चों के लिए हुई प्रतियोगिता

पशुपतिनाथधाम मंदिर परिसर (Pashupatinathdham Temple )और ग्यारह मुखी हनुमानधाम मंदिर में भगवान के दर्शन के लिये लोग पहुंचे थे पशुपतिनाथधाम मंदिर परिसर में प्रबंधन समिति ने बच्चों के लिये प्रतियोगिता का आयोजन किया था जिसमें मटकी दौड़, कुर्सी दौड़, चम्मच दौड़ और अंताक्षरी खेली गई। इस दौरान प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतियोगियों को मंदिर के पुजारी मधुसूदन महाराज और समिति अध्यक्ष मेहरबान सिंह ने पुरस्कार वितरित किये।
पर्यटन स्थल गुलजार रहे

शहर के आसपास के पर्यटन स्थल सारा दिन सैलानियों की भीड़ से गुलजार रहे। इटारसी से 15 किलो मीटर दूर सतपुडा के जंगल में बसे तिलकसिंदूर शिवधाम पर्यटन स्थल पर भी बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचे थे। यहां पर लोगों ने पहले गुफा मंदिर में विराजे शिवलिंग के दर्शन किये और फिर परिवार के साथ प्राकृतिक वातावरण में पिकनिक मनायी और सेल्फी क्लिक की। कुछ लोग पास ही नागखो के झरना स्थल भी गये और वहां पर पिकनिक का आनंद उठाया।









