इटारसी । कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के कुशल निर्देशन में आज भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में एक दिवसीय ‘रोजगार एवं स्वरोजगार मेले’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इस मेले में क्षेत्र के युवाओं ने भारी उत्साह दिखाया, जहां शिक्षा और करियर के बीच की दूरी को कम करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन नायब तहसीलदार हीरू कुमरे, प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत, जिला रोजगार अधिकारी श्याम कुमार धुर्वे, प्लेसमेंट ऑफिसर धर्मेश तिवारी एवं श्रीमती कामधेनु पटोदिया ने सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। संपूर्ण मेले की व्यवस्था जिला रोजगार कार्यालय के प्लेसमेंट ऑफिसर धर्मेश तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुई।
नायब तहसीलदार श्री कुमरे ने कहा कि हमारा उद्देश्य युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाना है, ताकि युवा वर्ग देश की उन्नति में भागीदार बने। प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने कहा कि यह ‘युवा संगम’ आत्मनिर्भरता का नया अध्याय है। रोजगार मेला एक सेतु है जो शिक्षा को सीधे करियर से जोड़ता है। यहां शासन की योजनाओं, प्रशिक्षण और निजी कंपनियों के अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध हैं।
मेले में प्रतिष्ठित निजी कंपनियों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय विभागों ने अपने स्टॉल लगाए, जहाँ विशेषज्ञों ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। कुल 300 छात्र-छात्राएं मेले में 219 को, स्वरोजगार योजना का लाभ 10 सहित कुल 229 लाभान्वित हुए। 72 का स्वास्थ्य जांचा गया।
रोजगार के साथ-साथ युवाओं के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखा गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अपेक्षा भावसार एवं डॉ. विवेक वर्मा की टीम ने 72 छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान श्रीमती शीला काजले, श्रीमती गीता राजपूत और त्रिलोक मनवारे भी उपस्थित रहे। संचालन डॉ. राधा आशीष पांडे ने किया।
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी श्रीमती संध्या उपाध्याय के निर्देशन में टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। अंत में डॉ. सतीश ठाकरे ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण कुशवाहा, डॉ. सौरभ तिवारी, राकेश अहिरवार और कॉलेज स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।










